drnewsindia.com
देवास (टोंककलां): मध्यप्रदेश के देवास जिले के टोंककलां स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। फैक्ट्री के भीतर हुए जोरदार धमाके में अब तक 3 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है, जबकि 25 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। धमाका इतना शक्तिशाली था कि शवों के अवशेष घटनास्थल से करीब 25 फीट दूर तक जा गिरे।
मंजर देख कांप उठी रूह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के वक्त अचानक हुए विस्फोट के बाद फैक्ट्री से आग और काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर से झुलसे हुए लोग बदहवास हालत में बाहर की ओर भागे। घायलों की स्थिति इतनी भयावह थी कि उनके शरीर पर कपड़ों के नाम पर केवल चिंदियां बची थीं और बाल व स्किन बुरी तरह झुलस चुके थे।

राहत और बचाव कार्य जारी
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फिलहाल राहत बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। बताया जा रहा है कि इस फैक्ट्री में 200 से अधिक मजदूर काम करते थे, जिनमें महिलाओं की संख्या काफी अधिक थी।
- मृतकों का आंकड़ा: फिलहाल 3 मौतों की पुष्टि हुई है, लेकिन मलबे की स्थिति को देखते हुए यह संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
- घायलों की स्थिति: घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहाँ कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रशासन की कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पहली प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। विस्फोट के कारणों की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया जा सकता है।
ताजा अपडेट्स के लिए बने रहें हमारी वेबसाइट के साथ।





