राजगढ़: ‘कृषि वर्ष 2026’ के तहत कल से गांवों में दौड़ेगा ‘कृषि रथ’, कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

0
4

drnewsindia.com

राजगढ़ (आज की ताजा खबर): आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों को देखते हुए राजगढ़ जिले में किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती से जोड़ने के लिए एक बड़ा महाअभियान शुरू किया जा रहा है। “कृषि वर्ष 2026” के अंतर्गत कल यानी 16 मई से अगले 10 दिनों तक पूरे जिले के गांवों में ‘कृषि रथ’ भ्रमण करेगा।

शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक अहम बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कृषि विभाग और संबंधित अधिकारियों को कृषि रथ के सुचारू संचालन और मॉनिटरिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

वैज्ञानिक और आधुनिक तकनीकों से जुड़ेंगे किसान

कलेटर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सुदूर गांवों में रहने वाले किसानों तक वैज्ञानिक और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाना है। इसका सीधा लक्ष्य खरीफ फसलों की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करना और जिले में कृषि उत्पादन को बढ़ावा देना है।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कृषि रथ निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार प्रत्येक विकासखंड की ग्राम पंचायतों तक अनिवार्य रूप से पहुंचे। इस दौरान किसानों को कृषि, उद्यानिकी (Horticulture), पशुपालन, मत्स्य पालन और कृषि अभियांत्रिकी (Agricultural Engineering) से जुड़ी सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

इन महत्वपूर्ण योजनाओं और तकनीकों का होगा प्रचार-प्रसार

बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि कृषि रथ के माध्यम से गांवों में निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर व्यापक जागरूकता फैलाई जाए:

  • ई-टोकन व्यवस्था और उर्वरकों (खाद) का संतुलित उपयोग।
  • जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना।
  • मृदा स्वास्थ्य कार्ड (Soil Health Card) और फसल विविधीकरण।
  • फसलों में कीट एवं रोग नियंत्रण के उपाय।
  • पराली प्रबंधन और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार।

मौके पर समस्याओं का समाधान करेगा ‘तकनीकी दल’

किसानों की सहूलियत के लिए इस कृषि रथ के साथ एक विशेष तकनीकी दल भी मौजूद रहेगा। इस दल में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और क्षेत्र के प्रगतिशील किसान शामिल होंगे। यह टीम गांवों में पहुंचकर किसानों की खेती से जुड़ी समस्याओं को सुनेगी और मौके पर ही उनका व्यावहारिक समाधान बताएगी। साथ ही नई कृषि पद्धतियों की लाइव जानकारी भी देगी।

प्रतिदिन 3 से 4 पंचायतों का होगा भ्रमण, रखी जाएगी पैनी नजर

प्रशासनिक योजना के अनुसार, प्रत्येक विकासखंड में कृषि रथ प्रतिदिन 3 से 4 ग्राम पंचायतों का दौरा करेगा। रथ के पहुंचने से पहले संबंधित गांवों में मुनादी या अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा ताकि अधिक से अधिक किसान इस अभियान का लाभ उठा सकें। कलेक्टर ने इस पूरे अभियान की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए हैं। शुक्रवार को हुई इस बैठक में कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here