IPL 2026: इकाना में लखनऊ के नवाबों पर भारी पड़ा धोनी का क्रेज; टीम बस जाम में फंसी, नंबर-7 की जर्सी से पटा पूरा स्टेडियम

0
2

drnewsindia.com

खेल डेस्क (आज की ताजा खबर): आईपीएल 2026 का 59वां मुकाबला आज लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला जा रहा है। भले ही यह लखनऊ का घरेलू मैदान (Home Ground) हो, लेकिन इकाना स्टेडियम के भीतर और बाहर का नजारा देखकर ऐसा लग रहा है मानो मुकाबला चेपॉक (चेन्नई) में हो रहा हो। हर तरफ सिर्फ और सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।

धोनी प्लेइंग-11 में नहीं, फिर भी ‘थाला’ के लिए उमड़ा जनसैलाब

इस मुकाबले की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। इसके बावजूद फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर है। स्टेडियम में मौजूद अधिकांश फैंस नंबर-7 की पीली जर्सी पहनकर पहुंचे हैं।

धोनी की दीवानगी का आलम यह है कि मैच देखने आए एक फैन ने कहा— “धोनी भाई खेलें या न खेलें, बस वो हमें कहीं डगआउट में बैठे हुए ही दिख जाएं, हमारे लिए उतना ही काफी है।” वहीं लखनऊ के ही रहने वाले एक क्रिकेट प्रेमी ने दिल जीतने वाली बात कही— “हम जन्म से लखनवी हैं, लेकिन दिल से पूरी तरह चेन्नई के हैं।”

धोनी के सुपर फैंस पहुंचे, जाम में फंसी लखनऊ की टीम बस

मैच शुरू होने से पहले इकाना स्टेडियम के बाहर फैंस का ऐसा हुजूम उमड़ा कि सड़कों पर लंबा जाम लग गया। चेन्नई के फैंस की भीड़ इतनी ज्यादा थी कि लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम बस भी कुछ देर के लिए इस ट्रैफिक जाम में फंसी रही। इस दौरान धोनी के मशहूर चंडीगढ़ और चेन्नई वाले ‘सुपर फैंस’ भी अपनी खास वेशभूषा में नजर आए। स्टेडियम के बाहर लखनऊ और चेन्नई के दो नन्हे फैंस के बीच अपनी-अपनी टीम की जीत-हार को लेकर प्यारी नोकझोंक भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

लाल मिट्टी की पिच पर 8वीं बार आमने-सामने दोनों टीमें

आईपीएल इतिहास में दोनों टीमें अब तक 7 बार आमने-सामने आ चुकी हैं और यह इन दोनों दिग्गजों के बीच 8वां मुकाबला है। इकाना की यह जंग लाल मिट्टी (Red Soil) की पिच पर लड़ी जा रही है। क्यूरेटर के अनुसार, इस पिच पर तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त बाउंस और गति मिलने की उम्मीद है, जो बल्लेबाजों के लिए कड़ी परीक्षा साबित होगी।

तूफान पीड़ितों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

मुकाबला शुरू होने से पहले एक बेहद गंभीर और संवेदनशील पल भी देखा गया। उत्तर प्रदेश में हाल ही में आए भीषण आंधी-तूफान में अपनी जान गंवाने वाले 111 लोगों को मैदान पर याद किया गया। मैच शुरू होने से ठीक पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों और अंपायरों ने मैदान के बीच खड़े होकर एक मिनट का मौन रखा और दिवंगतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here