drnewsindia.com
सीहोर। आस्था और श्रद्धा के प्रमुख केंद्र प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में रविवार को अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के पहले ही दिन श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए देश-विदेश से पहुंचे 50 हजार से अधिक भक्तों ने भगवान के दर पर शीश नवाया। पूरा धाम परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री कृष्ण’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।
कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में शानदार व्यवस्थाएं
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में विठलेश सेवा समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला और समिति के स्वयंसेवकों ने मोर्चा संभालते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा।
ठंडाई के साथ बंटा 15 क्विंटल से अधिक का महाप्रसाद
भीषण गर्मी को देखते हुए धाम में पहुंचे भक्तों को राहत देने के लिए विशेष रूप से ठंडाई पिलाई गई। इसके साथ ही समिति द्वारा बड़े पैमाने पर प्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें शामिल रहा:
- 5 क्विंटल से अधिक रसीली बालूशाही मिठाई
- 10 क्विंटल से अधिक नमकीन और भोजन प्रसादी
सोमवार को लगेगा 6 क्विंटल मावे की बर्फी का भोग
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि अधिक मास के चलते सोमवार को धाम परिसर में स्थित मुरली मनोहर मंदिर में विशेष श्रृंगार किया जाएगा। सोमवार सुबह भगवान को 6 क्विंटल से अधिक मावे की बर्फी का महाभोग लगाया जाएगा, जिसे बाद में भक्तों में वितरित किया जाएगा।

पुरुषोत्तम मास में शिव-हरि की एक साथ आराधना
हिंदू धर्म में अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) को भगवान विष्णु और उनके अवतारों की पूजा के लिए सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। कुबेरेश्वरधाम में इस दौरान अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है, जहां भक्त भगवान शिव और भगवान विष्णु दोनों की एक साथ आराधना कर रहे हैं। धाम में शाम के समय बाबा की विशेष महाआरती भी नियमित रूप से की जा रही है। इन दिनों में तीर्थ स्नान, दर्शन-पूजन, सत्संग, मंत्र जाप और दान-पुण्य का विशेष महत्व माना गया है।

सुबह से ही लगी रहीं लंबी कतारें
रविवार सुबह से ही श्रद्धालु बाबा की भव्य शिला पर पूजा-अर्चना करने के लिए कतारों में खड़े नजर आए। मुरली मनोहर मंदिर परिसर में भगवान शिव-माता पार्वती, भगवान राम-सीता और भगवान कृष्ण-राधा की नियमित पूजा-आरती की गई, जिसका लाभ हजारों भक्तों ने उठाया।
क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी और धार्मिक खबरों की तुरंत अपडेट के लिए जुड़े रहिए हमारी वेबसाइट के साथ।





