सीहोर
कसाई मंडी में बुधवार दोपहर एक दो मंजिला मकान में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि नीचे खड़े वाहन जलकर खाक हो गए। इनमें एक जिप्सी, एक कार और दो बाइक शामिल थीं। आग लगने के समय मकान की ऊपरी मंजिल पर परिवार मौजूद था। काला धुआं ऊपर पहुंचा तो परिजनों को आग का पता चला। सभी समय रहते बाहर निकल आए। किसी को चोट नहीं आई। यह मकान वार्ड-26 के पूर्व पार्षद हाजी सलीम का है। आग दोपहर करीब डेढ़ बजे मकान के निचले हिस्से में लगी। उस समय वहां कोई नहीं था। आग ने तेजी से पूरे हिस्से को चपेट में ले लिया। जब तक परिवार नीचे उतय, तब तक आग पहली मंजिल तक पहुंच चुकी थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दो दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हाजी सलीम के अनुसार, इस हादसे में करीब 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद हसीन कुरैशी, विवेक राठौर और मुस्तफा अंजुम भी मौके पर पहुंचे।तंग गलियों में खड़े वाहनों से दमकल को पहुंचने में हुई परेशानीदमकल को मौके पर पहुंचने में परेशानी हुई। तंग गलियों में खड़े दुपहिया वाहनों के कारण दमकल को अंदर आने में समय लगा। तब तक बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। दमकलकर्मी भगवानसिंह, साबिर खान, आरिफ शेख और तरुण परमार ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई। आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे लगे। एक ट्रैक्टर-टैंकर की भी मदद ली गई।