drnewsindia.com
उत्तर प्रदेश: आज मंगलवार को पूरे देश सहित उत्तर प्रदेश में गंगा दशहरा का महापर्व बेहद धूमधाम और पूरी आस्था के साथ मनाया जा रहा है। वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या समेत प्रदेश के तमाम वीआईपी घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। हर तरफ ‘हर-हर गंगे’ और ‘जय मां गंगे’ के जयकारों की गूंज है।
इस बार का गंगा दशहरा बेहद खास है, क्योंकि ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक, अधिकमास (पुरुषोत्तम मास) के कारण पूरे आठ साल बाद ऐसा महासंयोग बना है। चार विशिष्ट योग और चार उत्तम मुहूर्त की वजह से आज के दिन गंगा मां का पूजन 100 गुना अधिक फलदायी माना जा रहा है।
प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्ट (दोपहर 12 बजे तक का अपडेट):
- काशी (वाराणसी): सुबह 12 बजे तक ही 1.50 लाख से ज्यादा श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगा चुके हैं। दशाश्वमेध घाट और असी घाट पर पैर रखने की भी जगह नहीं है।
- प्रयागराज: संगम तट पर अब तक 6 लाख लोग आस्था की डुबकी लगा चुके हैं और सूर्य देव को अर्घ्य देकर दान-पुण्य कर रहे हैं।
- अयोध्या: सरयू घाट पर 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने स्नान किया। खास बात यह है कि आज अयोध्या में राम दरबार की प्रथम वर्षगांठ भी मनाई जा रही है, जहां भगवान के दिव्य अभिषेक के बाद महाआरती की गई।

असी घाट पर बना अनोखा रिकॉर्ड: 25,500 फीट लंबी चुनरी!
काशी के असी घाट पर इस बार एक अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहाँ मां गंगा को 12 अलग-अलग राज्यों से आई 5100 साड़ियों से बनी चुनरी चढ़ाई गई, जिसकी कुल लंबाई 25,500 फीट थी। इसके साथ ही 501 लीटर दूध से मां गंगा का भव्य अभिषेक भी किया गया। श्री काशी विश्वनाथ धाम के घाट पर भी सुबह वैदिक अनुष्ठान और विशेष आरती का आयोजन हुआ।
“गंगा केवल एक नदी नहीं, सनातन चेतना की जीवनधारा हैं” काशी में श्रीकुल पीठ के पीठाधीश्वर डॉ. सचिंद्र नाथ महाराज ने बताया कि यह पावन पर्व माँ गंगा के पृथ्वी पर अवतरण का प्रतीक है। जिस तरह राजा भगीरथ कठोर तपस्या करके गंगा को धरती पर लाए थे, आज हमारा भी दायित्व है कि हम मां गंगा की स्वच्छता और पवित्रता को बनाए रखें।

शाम को दिखेगा ‘देव दिवाली’ जैसा नजारा
आज शाम को काशी के घाटों पर विशेष गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सभी घाटों को लाखों दीयों से सजाया जाएगा। आज पूरी काशी में बिल्कुल देव दिवाली जैसा भव्य माहौल देखने को मिलेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: पुलिस अलर्ट, 3 नावें सीज
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है:
- जल पुलिस की कार्रवाई: काशी में बिना लाइव जैकेट के यात्रियों को ले जा रही 3 नावों को जल पुलिस ने सीज कर दिया है और सख्त चेतावनी दी है।
- अधिकारियों का दौरा: अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा ने मार्कण्डेय महादेव और कैथी घाट का खुद निरीक्षण किया। सीसीटीवी, बैरिकेडिंग, पार्किंग और महिला सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।
ताजातरीन और सच्ची खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारी वेबसाइट के साथ!




