drnewsindia.com
क्राइम डेस्क : भोपाल के चर्चित और हाई-प्रोफाइल त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद दिल्ली से आई सीबीआई की विशेष टीम ने त्विषा की सास और सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह से आमने-सामने लंबी पूछताछ की।
एक कानूनविद और जज रहीं गिरिबाला सिंह से सीबीआई ने ऐसे तीखे सवाल दागे, जिससे वे काफी असहज नजर आईं। करीब आधे घंटे तक पूरक सवालों का सिलसिला चलता रहा, लेकिन सीबीआई उनके जवाबों से संतुष्ट नहीं दिखी।
आइए जानते हैं कि इस पूछताछ के दौरान सीबीआई ने कौन से बड़े सवाल दागे:

सीबीआई का सबसे बड़ा सवाल: “कानूनविद होने के बाद भी पुलिस को फोन क्यों नहीं किया?”
पूछताछ के दौरान सीबीआई के अफसरों ने सास गिरिबाला सिंह की पृष्ठभूमि को लेकर सीधा और तीखा सवाल पूछा।
CBI का सवाल: “आप वर्षों तक न्यायाधीश रहीं और आपने खुद अपने करियर में इस तरह के कई आपराधिक मामलों में फैसले सुनाए हैं। एक कानूनविद होने के नाते आप सब जानती थीं, फिर भी बहू त्विषा शर्मा को फंदे पर लटका देखने के बाद आपने सबसे पहला फोन संबंधित थाना पुलिस को क्यों नहीं किया?”

कॉल डिटेल ने खोले राज: अस्पताल और मायके वालों को सूचना देने में देरी क्यों?
सीबीआई ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) को सामने रखकर गिरिबाला सिंह को घेरा। जांच एजेंसी ने पूछा कि:
- पहली नजर में जब त्विषा की सांसें नहीं चल रही थीं, तब पुलिस और मायके वालों को तुरंत इत्तला करने के बजाय देरी क्यों की गई?
- अस्पताल ले जाने में हुई देरी के पीछे का असली कारण क्या था?
- कॉल डिटेल का खुलासा: कॉल डिटेल से साफ है कि पुलिस और मायके वालों को जानकारी देने से पहले गिरिबाला सिंह की कई अन्य लोगों से फोन पर बातचीत हुई थी। सीबीआई ने पूछा कि क्या कोई ऐसी बात थी, जिसे पुलिस या मायके वालों से छिपाने की कोशिश की जा रही थी?
इन मुद्दों पर भी खंगाले गए राज
आधा घंटा तक चले इस मुख्य सवाल के बाद सीबीआई ने मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी गिरिबाला सिंह से जवाब मांगे:
- वैवाहिक संबंध: त्विषा और उनके पति समर्थ सिंह के बीच कैसे रिश्ते थे?
- दहेज और प्रताड़ना: मायके पक्ष द्वारा लगाए गए दहेज उत्पीड़न, टॉर्चर और पैसों के लेन-देन (ट्रांजेक्शन) के आरोपों की सच्चाई क्या है?
- घटना से पहले का माहौल: मौत से ठीक पहले घर की परिस्थितियां और परिवार का माहौल कैसा था?
गिरिबाला सिंह (जो वर्तमान में भोपाल जिला उपभोक्ता फोरम बैंच-2 की अध्यक्ष भी हैं) ने अधिकांश सवालों के जवाब देने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को सूचना न देने और कॉल डिटेल के फेर में वे पूरी तरह घिरती नजर आईं। सीबीआई अब इस मामले में अन्य करीबियों और पति समर्थ सिंह से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है।





