drnewsindia.com / रेहटी (सीहोर)। जिले की रेहटी तहसील के अंतर्गत आने वाले गांजींत गांव में माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अवैध उत्खनन का विरोध करने पर एक किसान परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया गया। बीती 28 मई को अपने ही खेत को समतल करा रहे किसान जसवंत सिंह के परिवार पर 15 से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने लाठी, डंडों और तलवारों से हमला बोल दिया। इस खूनी संघर्ष में परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इतना ही नहीं, बदमाशों ने खेत पर खड़ी थार, स्कार्पियो और एक्सयूवी (XUV) गाड़ियों में बेरहमी से तोड़फोड़ की, जिससे करीब 5 लाख रुपये का नुकसान आंका जा रहा है।
क्या है पूरा विवाद? (जबरन मिट्टी खोदकर बेचना चाहते थे आरोपी)
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित किसान जसवंत सिंह की गांजींत गांव में खसरा नंबर 95/1 पर पुश्तैनी जमीन है। आगामी धान के सीजन की तैयारियों को लेकर वे जेसीबी (JCB) और मजदूरों की मदद से अपने खेत का समतलीकरण करवा रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में अवैध उत्खनन के लिए कुख्यात सरवन, सुरेन्द्र, सोमेन्द्र (निवासी आंवलीघाट) और नीरज (निवासी भोपाल) की नजर इस कीमती जमीन पर पड़ी।
इन रसूखदार लोगों ने किसान पर दबाव बनाया कि वे इस खेत को खोदकर जबरन मिट्टी निकालेंगे और उसे बाजार में बेचेंगे। जब जसवंत सिंह के परिवार ने इस गुंडागर्दी का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी उनसे रंजिश रखने लगे।

लाठी और तलवारों से लैस होकर आए थे 15 से ज्यादा बदमाश
28 मई की दोपहर करीब 12:30 बजे सोची-समझी साजिश के तहत सुरेन्द्र, अतुल कीर, ओम कीर और अर्जुन निमोदा सहित 15 से ज्यादा हथियारबंद गुंडे अचानक खेत पर आ धमके। आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और खेत पर काम कर रहे मजदूरों व जसवंत सिंह के परिजनों पर लाठियों और तलवारों से टूट पड़े। जान बचाने के लिए जब पीड़ित अपनी गाड़ियों की तरफ भागे, तो बदमाशों ने वहां खड़ी तीनों गाड़ियों (Thar, Scorpio, XUV) को घेर लिया और उनके कांच व बॉडी को पत्थरों और लाठियों से पूरी तरह चकनाचूर कर दिया।

पुलिस पर संगीन आरोप: “थाने में बैठकर लाइव अपडेट ले रहा था मुख्य साजिशकर्ता”
इस पूरे मामले में पीड़ित परिवार ने स्थानीय रेहटी पुलिस की कार्यप्रणाली पर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि:
“जब खेत पर हम पर तलवारों से हमला हो रहा था और हमारी गाड़ियां तोड़ी जा रही थीं, तब इस पूरी वारदात का मुख्य साजिशकर्ता रेहटी थाने के भीतर आराम से बैठकर पुलिसकर्मियों के साथ चाय की चुस्कियां ले रहा था। वह मोबाइल फोन के जरिए मौके पर मौजूद गुंडों से लाइव अपडेट ले रहा था।”
स्थानीय पुलिस द्वारा सही कार्रवाई न किए जाने की आशंका के चलते पीड़ित परिवार ने मामले की लिखित शिकायत सीहोर पुलिस अधीक्षक (SP) और कलेक्टर से की है।
SDOP का बयान: मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
इस पूरे संवेदनशील मामले को लेकर जब SDOP रवि शर्मा से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए रेहटी थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।





