सीहोर: कुबेरेश्वरधाम में आज मनेगा पंडित प्रदीप मिश्रा का जन्मोत्सव, 1.80 लाख वर्गफीट का पंडाल तैयार; कीर्तिदान गढ़वी बिखेरेंगे भजनों का जादू

0
2

drnewsindia.com

सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुबेरेश्वरधाम पर आज अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का जन्मोत्सव पूरे देश और दुनिया में बेहद श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। विठलेश सेवा समिति द्वारा इस पावन अवसर को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। आस्था के इस महाकुंभ में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।

1 लाख 80 हजार वर्गफीट का विशाल पंडाल और भव्य मंच

जन्मोत्सव समारोह को भव्य स्वरूप देने के लिए आयोजन स्थल पर 1 लाख 80 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में एक विशाल और आधुनिक सुविधाओं से युक्त पंडाल और भव्य मंच का निर्माण किया गया है। विठलेश सेवा समिति के पंडित विनय मिश्रा और पंडित समीर शुक्ला के मार्गदर्शन में सोमवार को ही इस भव्य मंच को अंतिम रूप दे दिया गया था, जहाँ से सांस्कृतिक और धार्मिक प्रस्तुतियां होंगी।

महाप्रसाद का महा-रिकॉर्ड: 5 क्विंटल गुलाब जामुन और 10 क्विंटल बर्फी का भोग

गुरुदेव के जन्मोत्सव पर बाबा कुबेरेश्वर को लगाने वाले भोग और श्रद्धालुओं की भोजन-प्रसादी के लिए आधुनिक भोजनशाला में तैयारियां चरम पर हैं। भोजनशाला व्यवस्थापक धर्मेन्द्र भावसार और उनकी टीम के अनुसार:

  • 5 क्विंटल रसीले गुलाब जामुन तैयार किए गए हैं।
  • 10 क्विंटल शुद्ध मावे की बर्फी का महाभोग लगाया जाएगा।
  • 5 क्विंटल नमकीन के साथ-साथ करीब 60 से 70 हजार श्रद्धालुओं के लिए विशेष भोजन-प्रसादी का निर्माण किया जा रहा है।

व्यवस्थापकों का कहना है कि बाबा कुबेरेश्वर और गुरुदेव की कृपा से वे रुद्राक्ष महोत्सव में एक दिन में 8 से 10 लाख लोगों की भोजन प्रसादी संभालने का अनुभव रखते हैं, यहाँ आने वाले श्रद्धालु खुद सेवादार बनकर पूरा सहयोग करते हैं।

विख्यात भजन गायक कीर्तिदान गढ़वी बिखेरेंगे सुरों का जादू

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ‘मामा’ ने बताया कि जन्मोत्सव की इस पावन बेला पर देश-विदेश में प्रसिद्ध ख्यातिप्राप्त भजन गायक कीर्तिदान गढ़वी आज रात्रि 7 बजे से कुबेरेश्वरधाम पर भजनों की प्रस्तुति देंगे। कीर्तिदान गढ़वी की इस विशेष भजन संध्या में शिव महिमा, कृष्ण भक्ति और पारंपरिक लोक संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। पूरा परिसर शिव भक्ति और सनातन संस्कृति के सुरों से गुंजायमान होने के लिए तैयार है।

देश-विदेश के भक्तों में भारी उत्साह

पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपने प्रवचनों और शिव महापुराण कथा के माध्यम से करोड़ों लोगों को भगवान शिव की भक्ति और सनातन संस्कृति से जोड़ा है। यही वजह है कि उनके जन्मदिन को लेकर सीहोर ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भक्तों में एक अलग ही ऊर्जा और उत्साह देखा जा रहा है। धाम पर आज विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती, भजन संध्या और प्रसादी वितरण के कई दौर चलेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here