drnewsindia.com
इछावर (सीहोर)। सीहोर जिले के इछावर नगर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों को ठेंगा दिखाते हुए बदमाशों ने एक बार फिर चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार चोरों ने इछावर के खेड़ीपुरा इलाके को निशाना बनाया। यहां स्थित राजेश श्रीवास्तव के सूने मकान से चोरों ने गुरुवार देर रात करीब 11 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और मोटी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
छत के रास्ते दाखिल हुए शातिर चोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वारदात गुरुवार देर रात की है। चोरों ने घर में घुसने के लिए छत के रास्ते का इस्तेमाल किया। बदमाश बेहद शातिराना अंदाज और सफाई से घर के भीतर दाखिल हुए और अलमारियों के ताले चटकाकर कीमती सामान बटोर ले गए। परिवार को इस वारदात की भनक तक नहीं लगी। शुक्रवार सुबह जब घर के लोग जागे और अस्त-व्यस्त सामान देखा, तब जाकर चोरी का खुलासा हुआ।

किसी ‘परिचित’ पर गहराया शक!
जिस सुनियोजित तरीके से इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया गया है, उससे यह साफ जाहिर होता है कि बदमाशों को घर के नक्शे और परिवार की हर एक गतिविधि की पहले से सटीक जानकारी थी। स्थानीय लोगों और मोहल्ले में यह चर्चा जोरों पर है कि इस वारदात के पीछे किसी नजदीकी या परिचित का हाथ हो सकता है, जिसने चोरों को ‘लाइन’ दी। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
जांच में जुटी पुलिस: पीड़ित परिवार की शिकायत पर इछावर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और खोजी कुत्तों की मदद से अलग-अलग पहलुओं पर छानबीन कर रही है।
एक साल में दर्जनों वारदातें, सुस्त पुलिसिंग से जनता में आक्रोश
खेड़ीपुरा की यह घटना कोई पहली या नई वारदात नहीं है। पिछले एक साल के भीतर इछावर नगर और आसपास के इलाकों में दर्जनों छोटी-बड़ी चोरियां हो चुकी हैं। लेकिन स्थानीय पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली और लचर गश्त व्यवस्था के चलते आज तक किसी भी बड़ी वारदात का खुलासा नहीं हो सका है।

- जनता का फूटा गुस्सा: बार-बार हो रही चोरियों से नगर के व्यापारियों और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस हर बार सिर्फ मामला दर्ज करने की रस्म अदायगी करती है, लेकिन नतीजा हमेशा ‘शून्य’ रहता है। चोर आते हैं, वारदात करते हैं और साफ बचकर निकल जाते हैं।
कड़े एक्शन की दरकार
इस हाई-प्रोफाइल चोरी के बाद अब इछावर पुलिस प्रशासन पर चौतरफा दबाव है। देखना होगा कि हर बार की तरह इस बार भी पुलिस के हाथ खाली रहते हैं या फिर इन शातिर चोरों को सलाखों के पीछे भेजा जाता है। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।




