भोपाल में अवैध कब्जे पर कार्रवाई: टेंट कारोबारी ने खुद पर पेट्रोल डालकर किया हंगामा, सात दुकानें खाली कराईं

0
3

भोपाल। राजधानी के अवधपुरी स्थित विद्यासागर के पास एस्सारजी कंस्ट्रक्शन कंपनी के कॉम्प्लेक्स में सोमवार को प्रशासन ने अवैध कब्जा हटाने की बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान टेंट कारोबारी फिलिप विंसेट ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया और बड़ा हादसा टाल दिया।

प्रशासन के अनुसार फिलिप विंसेट ने दो दुकानें खरीदी थीं, लेकिन सात दुकानों पर कब्जा कर रखा था। मामले में एसडीएम एमपी नगर ने फरवरी 2026 में बेदखली का आदेश जारी किया था। बाद में अपर कलेक्टर ने भी अपील खारिज करते हुए कब्जा हटाने के निर्देश दिए।

दो घंटे तक चला हंगामा

सोमवार को तहसीलदार अमित द्विवेदी के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही फिलिप विंसेट ने विरोध करते हुए खुद पर पेट्रोल डाल लिया। पुलिस की सतर्कता से उसे तुरंत काबू में कर लिया गया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद प्रशासन ने टेंट कारोबारी का सामान बाहर निकलवाया और सातों दुकानों का कब्जा उनके वैध मालिक सुनील गुप्ता को सौंप दिया।

तहसीलदार ने बताया कि कब्जाधारी को कई बार नोटिस दिए गए थे, लेकिन उसने दुकानें खाली नहीं कीं। इसके बाद न्यायालय के आदेश के पालन में बेदखली की कार्रवाई की गई।

शहरभर में चला अतिक्रमण विरोधी अभियान

इधर, भोपाल नगर निगम ने भी सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। कोलार तिराहा, मैनिट चौराहा, शाहपुरा, एमपी नगर और अशोका गार्डन सहित कई इलाकों में फुटपाथों पर रखा सामान, अवैध टपरे, छप्पर और चबूतरे हटाए गए। कार्रवाई के दौरान करीब आधा ट्रक सामान जब्त किया गया। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here