विश्व युवा कौशल दिवस पर सीहोर में कार्यक्रम आयोजित, प्रशिक्षणार्थियों को मिले प्रमाण-पत्र

0
4

सीहोर। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन और आईटीसी मिशन सुनहरा कल के संयुक्त तत्वावधान में संचालित हॉस्पिटलिटी, इलेक्ट्रिकल एवं हेल्थकेयर कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र, सीहोर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान, सीहोर के निदेशक डॉ. अखिलेश कुमार शुक्ला, जिला रोजगार अधिकारी कमलेश पटेल तथा आहुति फाउंडेशन के समन्वयक विजेंद्र जाट रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। अतिथियों का स्वागत तुलसी का पौधा भेंट कर किया गया।

इस अवसर पर प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। वर्तमान में विभिन्न संस्थानों में कार्यरत पूर्व प्रशिक्षणार्थियों ने अपने रोजगार अनुभव साझा करते हुए अन्य युवाओं को कौशल प्रशिक्षण का महत्व बताया।

मुख्य अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया और प्रशिक्षण केंद्र का भ्रमण भी किया। उन्होंने आईटीसी मिशन सुनहरा कल और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की सराहना की तथा ऐसे प्रयासों को समाज और युवाओं के लिए उपयोगी बताया।

कार्यक्रम के अंत में क्लस्टर लीडर राजेश परमार ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में लगभग 110 से 120 विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here