गुना के केदारनाथ धाम में रील बनाना पड़ा भारी: प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर की गानों की शूटिंग, युवक-युवती पर FIR दर्ज

0
2

drnewsindia.com/गुना

गुना जिले के बमोरी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ‘केदारनाथ धाम’ में बिना अनुमति प्रवेश कर रील और गानों की शूटिंग करना दो युवाओं को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद म्याना पुलिस ने प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान सोनम प्रजापति (निवासी उमरी) और समक्ष साहू (निवासी बजरंगगढ़) के रूप में हुई है।

2 साल पहले कलेक्टर ने लगाई थी रोक

करीब दो वर्ष पहले मंदिर के ऊपर स्थित एक विशाल चट्टान में गंभीर दरार आ गई थी। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) के वैज्ञानिकों ने जांच के बाद रिपोर्ट दी थी कि यह चट्टान कभी भी गिर सकती है, जो श्रद्धालुओं के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। इसी रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन कलेक्टर ने 26 जुलाई 2024 को आदेश जारी कर सुरक्षा कारणों से यहां आम जनता के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया था।

ताला तोड़कर चोर रास्तों से पहुंचे गर्भगृह

प्रशासन ने मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगा रखा है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स बटोरने के लिए चोर रास्तों से पहाड़ियों के नीचे स्थित मंदिर तक पहुंच रहे हैं। ये लोग उसी खतरनाक चट्टान के नीचे से होकर मंदिर के गर्भगृह तक पहुंच गए और वहां गानों की शूटिंग की।

वीडियो वायरल होने के बाद जब पुलिस ने दोनों से प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने की वैध अनुमति के दस्तावेज मांगे, तो वे कोई अनुमति पत्र पेश नहीं कर सके। म्याना थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here