drnewsindia.comगढ़वा।
झारखंड के गढ़वा जिले में फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं’ जैसी कहानी हकीकत में सामने आई है। धुरकी थाना क्षेत्र के मकरी गांव में एक युवक पर तीन शादियां करने का आरोप लगा है। मामला तब चर्चा में आया, जब उसकी कथित तीसरी पत्नी अपने परिजनों के साथ सीधे पति के घर पहुंच गई और खुद को पत्नी बताते हुए साथ रखने की मांग करने लगी।
22 वर्षीय सबिता ने आरोप लगाया कि उसकी शादी अर्जुन नाम के युवक से सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। शादी के बाद उसे ससुराल में केवल दो दिन रखा गया। इसके बाद अर्जुन उसे अपने साथ छत्तीसगढ़ ले गया, लेकिन कुछ समय बाद उसे मायके भेज दिया और फिर दोबारा लेने नहीं आया।
सबिता का कहना है कि उसने कई बार अर्जुन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने न तो फोन उठाया और न ही कोई जवाब दिया। बाद में उसे पता चला कि अर्जुन ने पहले से दो और शादियां कर रखी हैं। इसके बाद वह अपनी नानी और अन्य परिजनों के साथ मकरी गांव पहुंची और पति के घर के बाहर अपना हक मांगते हुए उसे अपनाने की गुहार लगाई।
युवती के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच बहस होती रही। मामला बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने समझाइश देने का प्रयास किया।
फिलहाल मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।




