drnewsindia.com
श्यामपुर। बुधवार रात सीहोर-श्यामपुर रोड पर खंडवा और खजुरिया कला के बीच चली तेज हवाओं ने किसानों को नुकसान पहुंचाया। तेज हवा के कारण खेतों पर बने कई अस्थायी मकानों की टीन की चादरें उड़ गईं। हवा का वेग इतना अधिक था कि चादरें कई मीटर दूर जाकर गिरीं।
जानकारी के अनुसार, खजुरिया कला निवासी लक्ष्मीनारायण गौर, रामस्वरूप और संजीव गौर के खेतों पर बने मकानों की चादरें तेज हवाओं में उड़ गईं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद ग्रामीणों ने नुकसान का जायजा लिया। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि अचानक चली तेज हवाओं से खेतों पर बने अस्थायी ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित सहायता प्रदान करने की मांग की है। वहीं मौसम में आए इस बदलाव के चलते क्षेत्र के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।





