दोराहा | दोराहा क्षेत्र के बरखेड़ा देवा चौकी स्थित मुस्कान पब्लिक हाई स्कूल में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय परिसर में आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर एवं उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। छात्रों ने गुरु-शिष्य परंपरा का सम्मान करते हुए अपने शिक्षकों के प्रति आदर और कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही ज्ञान, संस्कार और अनुशासन के मार्ग पर सदैव आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु ही वह प्रकाश हैं, जो अज्ञानरूपी अंधकार को दूर कर जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। विद्यार्थियों को जीवन में गुरु के मार्गदर्शन का सम्मान करने और उनके बताए रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी गुरुजनों का सम्मान किया गया तथा गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं एवं सादर नमन किया गया। विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा और नैतिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने का प्रेरणादायक अवसर बना।





