राजगढ़ | DRNewsIndia
राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगर में साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने अव्यवस्थाएं मिलने पर सख्त नाराजगी जताई। एसडीएम ज्योति बगबैया और नगर परिषद सीएमओ देवनारायण दांगी ने सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान बस स्टैंड, तोपखाना गेट, गाड़गांगा नदी पुल और छापीहेड़ा नाका सहित कई स्थानों पर गंदगी मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बस स्टैंड से नदी पुल तक मिली गंदगी
निरीक्षण की शुरुआत बस स्टैंड से हुई, जहां सड़क किनारे फैली गंदगी देखकर एसडीएम ने सीएमओ को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके बाद तोपखाना गेट स्थित एक डेयरी के बाहर भी कचरा मिला, जिस पर संबंधित संचालक को सफाई बनाए रखने की हिदायत दी गई।
गाड़गांगा नदी के छोटे पुल पर भी बड़ी मात्रा में कचरा मिलने पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सावन के दौरान गंदगी से लोगों के स्वास्थ्य और धार्मिक आस्था दोनों प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने भविष्य में वहां कचरा नहीं डालने और तत्काल सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
होटल पर जुर्माना, दोबारा लापरवाही पर एफआईआर की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान छापीहेड़ा नाका स्थित एक होटल में गंदगी, खुले में कचरा और पेयजल व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर प्रशासन ने होटल संचालक पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने साफ-सफाई में सुधार नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी भी दी।
निरीक्षण के दौरान वाटर कूलर की सफाई और होटल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही डिस्पोजेबल गिलास के उपयोग से बचने और साफ कांच के गिलास में चाय परोसने की सलाह दी गई।
8 दिन में सुधार के निर्देश
नगर परिषद सीएमओ ने होटल संचालक को आठ दिन के भीतर साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का संदेश
प्रशासन ने शहर के सभी व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि कचरा केवल डस्टबिन में डालें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





