मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा की सब्जी मंडी से एंबुलेंस के इस्तेमाल को लेकर चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में दो एंबुलेंस में प्याज की बोरियां लोड होती दिखाई दे रही हैं। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
एंबुलेंस में प्याज लोड करने का VIDEO सामने आया
वीडियो में दो एंबुलेंस के अंदर प्याज की बोरियां रखी जाती दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल बढ़ गई है। अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेते हुए एंबुलेंस में प्याज लोड किए जाने की पूरी जानकारी जुटाने और जांच कराने की बात कही है।
हालांकि, वीडियो कब का है, एंबुलेंस किसकी हैं और किस परिस्थिति में उनका इस्तेमाल प्याज के परिवहन के लिए किया गया, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल
मामला सामने आने के बाद लोग स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग तंज कस रहे हैं कि मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंस अब प्याज ढोने के काम भी आ रही हैं।
लोगों का कहना है कि एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवा का उपयोग केवल मरीजों और चिकित्सा संबंधी जरूरतों के लिए होना चाहिए। जरूरत के समय मरीजों को एंबुलेंस उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की है। ऐसे में वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर यह पता लगाना जरूरी है कि एंबुलेंस का इस्तेमाल किसके निर्देश पर और किस उद्देश्य से किया गया।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच कराने की बात कही है। जांच में वीडियो की तारीख, एंबुलेंस की पहचान और प्याज की बोरियां लोड किए जाने की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके बाद ही मामले में जिम्मेदारी तय हो सकेगी।





