MP Tourism Quiz: 145 स्कूलों ने आजमाया पर्यटन ज्ञान, नूतन बाल विद्या मंदिर बना विजेता

0
3

drnewsindia.com

10 राउंड में हुई रोमांचक क्विज, टॉप-6 टीमों ने ऑडियो-विजुअल राउंड में दिखाया हुनर; विजेताओं को मिलेगा फ्री टूर पैकेज

सीहोर, 9 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश के पर्यटन, इतिहास और संस्कृति से जुड़े सवालों ने रविवार को सीहोर के पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में विद्यार्थियों की ज्ञान-परीक्षा ली। मौका था मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का, जिसमें जिले के 145 शासकीय और अशासकीय स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी जानकारी और तेजी से जवाब देने की क्षमता का प्रदर्शन किया।

लिखित परीक्षा के बाद हुआ रोमांचक ऑडियो-विजुअल राउंड

प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई। पहले चरण में लिखित परीक्षा हुई। इसके आधार पर बेहतर प्रदर्शन करने वाली 6 टीमों का चयन ऑडियो-विजुअल राउंड के लिए किया गया। दूसरे चरण में ‘बूझो, जानो फिर देखो अपना मध्यप्रदेश’ की तर्ज पर पर्यटन से जुड़े सवाल पूछे गए।

क्विज के 10 राउंड में धार्मिक नगरों, ऐतिहासिक स्थलों, साहित्य, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत, जिलों और राष्ट्रीय अभ्यारण्यों से जुड़े सवाल शामिल रहे। प्रतिभागी टीमों ने निर्धारित समय में जवाब देकर अपनी तैयारी का प्रदर्शन किया।

नूतन बाल विद्या मंदिर ने जीता पहला स्थान

ऑडियो-विजुअल राउंड के परिणाम में नूतन बाल विद्या मंदिर स्कूल ने पहला स्थान हासिल किया। मॉडल नर्सरी हायर सेकेंडरी स्कूल दूसरे और न्यू मोनालिसा हायर सेकेंडरी स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।

इसके अलावा शासकीय उमावि कोठरी चौथे, शासकीय कन्या उमावि बायां पांचवें और शासकीय उत्कृष्ट उमावि सीहोर छठवें स्थान पर रहे।

विजेताओं को मिलेगा घूमने का शानदार मौका

विजेता टीमों को मेडल, कूपन और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सीहोर जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

खास बात यह है कि प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को मध्यप्रदेश पर्यटन की ओर से 3 दिन और 2 रात का निशुल्क टूर पैकेज मिलेगा। वहीं उपविजेता तीन टीमों को 2 दिन और 1 रात का फ्री टूर पैकेज दिया जाएगा। यह पैकेज 500 किलोमीटर के दायरे में उपलब्ध होगा।

अधिकारियों और विद्यार्थियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती शीलू शर्मा, ई-गवर्नेंस प्रबंधक गौरव बंसल, प्राचार्य आलोक शर्मा सहित अंकुर जैन, अंकुर शर्मा, अताउल्ला खान, आशीष शर्मा, मनोज व्यास, संजय सक्सेना, माधव सिंह यादव सहित अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और नागरिक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here