सोना-चांदी के दाम में फिर तेजी: इस हफ्ते सोना ₹2,742 और चांदी ₹2,461 महंगी, जानें आगे कितनी बढ़ सकती हैं कीमतें

0
2

drnewsindia.com / नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में इस सप्ताह फिर तेजी देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने का भाव 10 ग्राम पर ₹2,742 बढ़कर करीब ₹1.52 लाख पहुंच गया है। पिछले सप्ताह 8 अगस्त को इसका भाव करीब ₹1.50 लाख था। वहीं चांदी की कीमत भी करीब ₹2,461 बढ़कर ₹2.34 लाख प्रति किलो हो गई है।

इस साल सोने में ₹19 हजार की बढ़त

2026 में सोने की कीमतों में अब तक करीब ₹19 हजार की तेजी दर्ज की गई है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने का भाव ₹1.33 लाख से ऊपर था, जो अब बढ़कर करीब ₹1.52 लाख हो गया है।

चांदी भी साल की शुरुआत के मुकाबले महंगी हुई है। 31 दिसंबर 2025 को चांदी करीब ₹2.30 लाख प्रति किलो थी, जो अब ₹2.34 लाख के स्तर पर पहुंच गई है।

हालांकि, इस साल सोना और चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर भी देख चुके हैं। 29 जनवरी को सोने ने करीब ₹1.76 लाख प्रति 10 ग्राम, जबकि चांदी ने करीब ₹3.86 लाख प्रति किलो का ऑलटाइम हाई बनाया था।

साल के अंत तक ₹1.60 लाख तक पहुंच सकता है सोना

कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, सोना और चांदी अपने रिकॉर्ड हाई से नीचे कारोबार कर रहे हैं। ऐसे में निवेशक इनमें निवेश पर विचार कर सकते हैं, लेकिन एकमुश्त निवेश करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से निवेश करना बेहतर हो सकता है।

उनके अनुमान के मुताबिक, साल के अंत तक सोने का भाव ₹1.60 लाख प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव ₹2.80 लाख प्रति किलो तक पहुंच सकता है।

ज्वेलरी खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

1. BIS हॉलमार्क जरूर देखें
सोना खरीदते समय BIS हॉलमार्क और संबंधित हॉलमार्किंग विवरण की जांच करें। इससे सोने की शुद्धता की जानकारी मिलती है।

2. कीमत और वजन क्रॉस-चेक करें
खरीदारी से पहले सोने का वजन, प्रति ग्राम भाव, मेकिंग चार्ज और अन्य शुल्क की जानकारी लें। 24, 22 और 18 कैरेट सोने के भाव अलग-अलग होते हैं।

चांदी की शुद्धता जांचने में सावधानी जरूरी

चांदी की पहचान के लिए मैग्नेट टेस्ट और आइस टेस्ट जैसे घरेलू तरीकों का इस्तेमाल लोग करते हैं, लेकिन ये 100% भरोसेमंद प्रमाण नहीं हैं। चांदी की शुद्धता की पुष्टि के लिए हॉलमार्क और विश्वसनीय विक्रेता से मिली जानकारी को प्राथमिकता दें।

खरीदारी से पहले चेक करें

  • चांदी पर हॉलमार्क/शुद्धता की जानकारी
  • बिल और वजन
  • प्रति ग्राम या किलो कीमत
  • मेकिंग/अन्य चार्ज
  • विक्रेता की विश्वसनीयता

नोट: सोने-चांदी की कीमतें लगातार बदलती रहती हैं। खरीदारी से पहले उसी दिन का ताजा भाव जरूर जांचें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here