झरखेड़ा। सावन माह के तीसरे सोमवार को सर्वोत्तम सरदार पटेल जन कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में झरखेड़ा से पार्वती नदी तक विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल हुए।
कांवड़ यात्रा झरखेड़ा से शुरू होकर दोराहा जोड़, श्यामपुर, सौंठी जोड़, बैरागढ़ खुमान और हिंगानी होते हुए राजगढ़ जिले की सीमा स्थित पार्वती नदी घाट पहुंची। यहां शिवभक्तों ने कांवड़ में पार्वती नदी का पवित्र जल भरा और वापस झरखेड़ा के लिए रवाना हुए।
जगह-जगह हुआ कांवड़ियों का स्वागत
यात्रा के दौरान श्यामपुर बस स्टैंड, सौंठी जोड़, बैरागढ़ खुमान और दोराहा जोड़ सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। डीजे पर बज रहे भजनों और भगवान शिव के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते हुए यात्रा में आगे बढ़ते रहे।
पार्वती जल से किया भगवान शिव का अभिषेक
झरखेड़ा पहुंचने के बाद कांवड़ियों ने पार्वती नदी से लाए पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
अहमदपुर क्षेत्र में भी निकलीं कई कांवड़ यात्राएं
अहमदपुर। सावन के तीसरे सोमवार को अहमदपुर सहित आसपास के गांवों में कांवड़ यात्राओं का सिलसिला जारी रहा। चरनाल, श्यामपुर, खंडवा, दोराहा, अहमदपुर, बरखेड़ा हसन, चांदबड़ जागीर, सौंठी, खाईखेड़ी, छतरी, घाटपालासी, गोपालपुरा, पड़ल्या, सुल्तानपुरा, सुआखेड़ी, सिराड़ी, सेमवरा दांगी और सतोरनिया सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों से कांवड़ यात्राएं निकलीं। श्रद्धालु पार्वती नदी घाट पहुंचे, जहां से पवित्र जल लेकर वापस लौटे और शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।





