कुबेरेश्वर धाम में जेबकतरा गिरोह का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार; 14 लाख की कार और चोरी के मोबाइल जब्त

0
2

drnewsindia.com / सीहोर | 18 अगस्त 2026

सीहोर के प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स और अन्य सामान पर हाथ साफ करने वाले अंतरजिला गिरोह का मंडी थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से दो चोरी के स्मार्टफोन और वारदात में इस्तेमाल करीब 14 लाख रुपये कीमत की किया कैरेंस कार जब्त की गई है।

लगातार मिल रही थीं चोरी की शिकायतें

कुबेरेश्वर धाम में दर्शन और भीड़ के दौरान मोबाइल व अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें लगातार पुलिस को मिल रही थीं। इसके बाद मंडी थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे और सीएसपी अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

श्रद्धालु बनकर पुलिस ने की निगरानी

गिरोह तक पहुंचने के लिए पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में श्रद्धालु बनकर धाम परिसर में पहुंचे। टीम ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी। निगरानी के दौरान संदिग्धों की पहचान होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को पकड़ लिया।

धार्मिक आयोजनों में बनाते थे श्रद्धालुओं को निशाना

पूछताछ में आरोपियों ने बड़े धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चोरी करने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार गिरोह निजी चारपहिया वाहन से अलग-अलग स्थानों पर पहुंचता था और भीड़ में शामिल होकर श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स तथा सोने की चेन चोरी करता था। पुलिस अब अन्य घटनाओं में भी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

चार आरोपी अलग-अलग जिलों के

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार वयस्क आरोपियों में अशोक शिंदे, विशाल नायक और फरहान अली सेंधवा, जिला बड़वानी के निवासी हैं। वहीं तालिब पठान भीकनगांव, जिला खरगोन का रहने वाला है। इनके साथ दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।

मुख्य आरोपी पर पहले से कई मामले

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अशोक शिंदे के खिलाफ मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के अलग-अलग थानों में लूट, मारपीट, चोरी और एससी-एसटी एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। वहीं विशाल नायक के खिलाफ बड़वानी में जुआ एक्ट का मामला दर्ज बताया गया है।

दो मोबाइल और कार जब्त

पुलिस ने आरोपियों से ओप्पो और रियलमी के दो स्मार्टफोन बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 14 लाख रुपये कीमत की किया कैरेंस कार भी जब्त की गई है। पुलिस गिरोह से पूछताछ कर अन्य वारदातों और संभावित साथियों की जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here