उत्तर भारत में भारी बारिश का कहर, 14 राज्यों में अलर्ट; यूपी-बंगाल से उत्तराखंड तक बिगड़े हालात

0
2

drnewsindia.com / नई दिल्ली | 18 अगस्त 2026

उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में मानसून का जोर जारी है। मौसम विभाग ने राजस्थान, दिल्ली सहित 14 राज्यों में मंगलवार को तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन आगे बढ़ने के साथ कई राज्यों में बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है।

यूपी के 25 शहरों में बारिश, घरों और अस्पतालों में भरा पानी

उत्तर प्रदेश के 25 शहरों में तेज बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कानपुर और उन्नाव में 500 से अधिक घरों में पानी भर गया। कई सड़कों और अस्पतालों में जलभराव की स्थिति बनी है। बारिश को देखते हुए आठ जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे की मेरठ-प्रयागराज लेन पर करीब 10 मीटर सड़क धंसने की सूचना है।

बंगाल में बाढ़ जैसे हालात

पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। आसनसोल के कई इलाकों में 5 से 6 फीट तक पानी भर गया है। दिलदार नगर और रेलपार समेत कई क्षेत्र जलमग्न हैं। पुरुलिया और बांकुड़ा में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। कोलकाता में भी कई इलाकों में जलभराव हुआ है। जोरबागान में मकान गिरने से एक व्यक्ति की मौत और 19 लोगों के घायल होने की सूचना है।

उत्तराखंड में नदियां उफान पर, लैंडस्लाइड से नुकसान

उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं। पौड़ी गढ़वाल में लैंडस्लाइड के बाद मकान ढहने से एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि दो लोग लापता बताए गए हैं। ऋषिकेश में SDRF ने उफनती नदी से दो लोगों को सुरक्षित निकाला। देहरादून, टिहरी, पौड़ी और ऊधमसिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

एमपी और हिमाचल में भी बारिश का असर

मध्य प्रदेश के सतना में मंदाकिनी नदी में बाढ़ की स्थिति बनी है। घाटों पर बैरिकेडिंग कर SDRF को तैनात किया गया है। हिमाचल प्रदेश के शिमला में भारी बारिश के बीच लैंडस्लाइड हुआ और घने कोहरे के कारण दृश्यता करीब 50 मीटर तक रह गई।

ओडिशा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने भद्रक जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर नुकसान की जानकारी ली और राहत शिविरों में प्रभावित लोगों को पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here