नर्मदापुरम से दौड़ते हुए कुबेरेश्वरधाम पहुंचे डाक कांवड़िए, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा क्षेत्र

0
2

drnewsindia.com / सीहोर | 18 अगस्त 2026

सावन मास में प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में शिवभक्ति का उत्साह चरम पर है। मंगलवार को नर्मदापुरम से पवित्र जल लेकर बड़ी संख्या में युवा शिवभक्त डाक कांवड़ के साथ दौड़ते हुए कुबेरेश्वरधाम पहुंचे। यहां पहुंचकर कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

नर्मदापुरम से धाम तक निकली डाक कांवड़ यात्रा के दौरान रास्तेभर हर-हर महादेव, बम-बम भोले और जय भोलेनाथ के जयकारे गूंजते रहे। भगवा वस्त्रों में तेज गति से दौड़ते कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बारिश, धूप और लंबी दूरी की थकान भी उनकी आस्था के आगे फीकी नजर आई।

सड़कों पर आकर्षण बने डाक कांवड़िए

कुबेरेश्वरधाम पहुंचने पर विठलेश सेवा समिति के पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने कांवड़ियों का स्वागत किया। धाम पहुंचकर श्रद्धालुओं ने धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

यात्रा के दौरान सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। युवाओं के दौड़ते हुए धाम पहुंचने का दृश्य श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

झांकियों और बैंड ने बढ़ाया भक्ति का रंग

इससे पहले देर शाम कथा वाचक पंडित राघव मिश्रा के मार्गदर्शन में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में इंदौर का प्रसिद्ध श्याम बैंड-बाजा और आकर्षक धार्मिक झांकियां शामिल रहीं। भक्ति गीतों और शिव के जयकारों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए।

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि सावन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में शिवभक्त कुबेरेश्वरधाम पहुंच रहे हैं। समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगातार सेवा कार्य किए जा रहे हैं।

‘शिव आराधना जीवन को सकारात्मक दिशा देती है’

कथा वाचक पंडित राघव मिश्रा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान शिव की आराधना करने वाला भक्त कभी निराश नहीं होता। उन्होंने कहा कि शिवभक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के विचार, व्यवहार और कर्मों को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम भी है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान शिव के प्रति अटूट विश्वास रखते हुए नियमित आराधना करने का आह्वान किया। उनके अनुसार सच्ची श्रद्धा और विश्वास व्यक्ति को नई ऊर्जा देते हैं और जीवन में बेहतर मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here