drnewsindia.com
गुना। नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में मंगलवार को आयोजित बलराम महोत्सव में गुना विधायक पन्नालाल शाक्य के एक बयान से विवाद खड़ा हो गया। किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने रामायण और महाभारत के उदाहरण देते हुए महिलाओं और माता सीता को लेकर ऐसी टिप्पणी कर दी, जिसका मंच पर ही भाजपा विधायक प्रियंका पेंची ने विरोध किया।
शाक्य ने रामायण के प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि रावण को उसके भाई ने समझाया था कि पराई स्त्री को ले जाना गलत है और इसे मौत का सामान बताया। इसके बाद उन्होंने रामायण और महाभारत के युद्धों में पुरुषों की मौत और महिलाओं के बलिदान को लेकर भी टिप्पणी की।
प्रियंका पेंची ने मंच पर ही जताया विरोध
विधायक शाक्य की बात पर चांचौड़ा विधायक प्रियंका पेंची ने उन्हें बीच में टोका। उन्होंने कहा कि ऐसा कहना गलत है और महिलाओं ने भी बलिदान दिए हैं। इस दौरान दोनों विधायकों के बीच मंच पर तीखी बहस हो गई। शाक्य ने अपनी बात का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने कई किताबें पढ़ी हैं और इतिहास को अच्छी तरह जानते हैं।

‘एक महिला के लिए करोड़ों पुरुष मारे गए’
शाक्य ने महाभारत के युद्ध का उदाहरण देते हुए पुरुषों की मौत का जिक्र किया। उन्होंने पृथ्वीराज चौहान और संयोगिता का प्रसंग भी सुनाया और कहा कि युद्धों में बड़ी संख्या में पुरुष मारे गए, जबकि महिलाओं की मौत नहीं हुई।
उनके इन बयानों के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई। सोशल मीडिया पर भी विधायक के बयान को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।
‘जान देंगे नहीं, जान लेंगे’
कार्यक्रम में देशभक्ति गीत का जिक्र करते हुए शाक्य ने ‘जान भी देंगे’ जैसे गीतों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि देश के लिए जान देने की जगह ‘जान लेंगे’ जैसे शब्द होने चाहिए और ऐसे गीतों पर रोक लगनी चाहिए।
प्राकृतिक खेती पर भी दिया जोर
विवादित बयान के अलावा विधायक ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि रासायनिक और विदेशी खाद के अत्यधिक इस्तेमाल से जमीन की उर्वरता प्रभावित हो रही है। किसानों को मिट्टी की सेहत बचाने पर ध्यान देना चाहिए, वरना खेती की जमीन धीरे-धीरे बंजर हो सकती है।
बलराम महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे। कार्यक्रम के बाद शाक्य और पेंची के बीच मंच पर हुई बहस और विधायक की टिप्पणियां चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई हैं।





