drnewsindia.com / सीहोर। सीहोर पुलिस ने मध्यप्रदेश से गुजरात तक अवैध शराब की तस्करी करने वाले नेटवर्क का खुलासा करते हुए करीब 41 लाख रुपए की 325 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने बिलकिसगंज-झागरिया रोड पर ग्राम बरखेड़ी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर एक ट्रक को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और क्लीनर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शराब को ट्रक में बनाए गए एक गुप्त चेंबर में छिपाकर भोपाल से गुजरात ले जाया जा रहा था। सामान्य जांच में ट्रक खाली नजर आए, इसके लिए तस्करों ने ट्रक की बॉडी को इस तरह तैयार किया था कि शराब आसानी से दिखाई न दे।
ट्रक में बना रखा था गुप्त कंपार्टमेंट
पुलिस को ट्रक की गतिविधियों पर संदेह हुआ। जांच के दौरान ट्रक की बॉडी के पीछे का हिस्सा बड़ा और खाली मिला। इसमें केवल सीमेंट बिखरी हुई थी, जिससे पहली नजर में ट्रक खाली दिखाई दे रहा था।
केबिन से सटे आगे के हिस्से में लोहे का एक गुप्त कंपार्टमेंट बनाया गया था। इसका दरवाजा नट-बोल्ट से कसकर बंद किया गया था। पुलिस ने जब दरवाजा खुलवाया तो अंदर एमडी और आरएस व्हिस्की की पेटियां भरी मिलीं।

325 पेटी शराब बरामद
पुलिस ने ट्रक से कुल 325 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 41 लाख रुपए बताई गई है। शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज आरोपियों के पास नहीं मिला।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बिलकिसगंज-झागरिया रोड पर की गई घेराबंदी में पुलिस को यह सफलता मिली।
दो आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में अलीराजपुर जिले के जोबट निवासी बबलू चौहान (24) और सिकंदर मंडलोई (33) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।

अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के मुताबिक जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।




