सीहोर के अहमदपुर क्षेत्र में हादसा, खदान के गहरे पानी में गया था अतुल; ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
बरखेड़ा हसन। अहमदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसा सीलखेड़ा से मुंगावली जाने वाले मार्ग पर स्थित एक खदान में हुआ। मृतक की पहचान सीलखेड़ा निवासी अतुल अहिरवार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अतुल गांव के अन्य लोगों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए खदान के पानी में गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला। इसके बाद निजी वाहन से अहमदपुर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे दोराहा स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद नहीं था और पुलिस करीब दो घंटे बाद पहुंची। उनका कहना है कि पिछले साल इसी स्थान पर दो पुलिस जवान तैनात किए गए थे, जबकि इस बार मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच के बाद हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आएगी।




