drnewsindia.com/शमशाबाद। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, शमशाबाद में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 26 अक्टूबर से 14 नवंबर तक शरदकालीन अवकाश शुरू हो गया है। इस अवसर पर विद्यालय में पालक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भाग लेकर उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र कुमार ने स्वागत उद्बोधन देते हुए बताया कि नवोदय विद्यालय समिति के दिशा-निर्देशों के अनुसार सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को विशेष शैक्षणिक प्रशिक्षण के लिए 10 दिनों तक विद्यालय में रोका गया था। वहीं, विद्यालय की अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों का शरदकालीन एवं दीपावली अवकाश 15 अक्टूबर से पहले ही शुरू हो चुका था।

संगोष्ठी के दौरान विद्यार्थियों के अभिभावकों ने शिक्षकों से चर्चा कर अपने बच्चों की पढ़ाई, शैक्षणिक प्रदर्शन और प्रगति के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान पालकों ने अपने विचार और महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के सीसीए एवं मीडिया प्रभारी तथा अंग्रेजी के स्नातकोत्तर शिक्षक मनोज कुमार वर्मा ने किया। अंत में विद्यालय के उपप्राचार्य एमडी मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थी, अभिभावक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संगोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति को लेकर विद्यालय और अभिभावकों के बीच संवाद को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।




