एसपी और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, 24 घंटे में तलाश का दिया अल्टीमेटम
सीहोर। खाईखेड़ा गांव से लापता सुरेश दांगी, राजेश दांगी और ओमवती दांगी की तलाश का मामला अब सामाजिक स्तर पर भी जोर पकड़ने लगा है। तीनों की सकुशल तलाश की मांग को लेकर बुधवार को दांगी समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। समाज अध्यक्ष बाबूलाल दांगी के नेतृत्व में भोपाली फाटक से एसपी कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला गया।
प्रदर्शन में शामिल समाजजनों ने हाथों में लापता लोगों की तस्वीरें लेकर पुलिस प्रशासन से जल्द खोजबीन पूरी करने की मांग की। मार्च के बाद एएसपी प्रशांत चौबे और डिप्टी कलेक्टर किरण सिंह को ज्ञापन सौंपकर मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग रखी गई।

इस दौरान सेमरा दांगी के समाजसेवी विनय सिंह दांगी ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का समय देते हुए कहा कि निर्धारित अवधि में लापता लोगों की तलाश नहीं होने पर समाज धरना-प्रदर्शन करेगा। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता केपी सिंह बघेल ने भी घटना को चिंताजनक बताते हुए पुलिस से गंभीरता और तेजी के साथ तलाश करने की मांग की।
एसपी कार्यालय में मौजूद सीहोर एसडीओपी प्रेम नारायण ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस लगातार तीनों की तलाश में जुटी हुई है। उन्होंने जल्द ही लापता लोगों का पता लगाने का भरोसा दिलाया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में दांगी समाज के लोग शामिल रहे। अब समाज की नजर पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर है।




