सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिव्यांगजन और माताओं-बहनों के साथ सुना ‘मन की बात’ का 140वां एपिसोड, कहा- 2029 तक एमपी को बनाएंगे नशामुक्त

0
4

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को राजधानी भोपाल स्थित सामाजिक न्याय संचालनालय के सभागार में दिव्यांगजन और माताओं-बहनों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 140वीं कड़ी का श्रवण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से वर्ष 2029 तक भारत और मध्यप्रदेश को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और भोपाल महापौर मालती राय भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

नशामुक्ति के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ‘मन की बात’ देश की सामूहिक चेतना, जनभागीदारी और सकारात्मकता को नई दिशा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने नशे की लत से जूझने और उससे बाहर निकलने के संघर्षपूर्ण अनुभवों को साझा कर समाज को बड़ा संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को नशे के चंगुल से बाहर निकालने के लिए आगे आएं। राज्य सरकार सभी प्रकार के मादक पदार्थों और ड्रग्स के खिलाफ पूरी प्रतिबद्धता के साथ अभियान चला रही है।

ट्रायसिकल व स्वेटर वितरित किए, दिव्यांगजन संग ली सेल्फी

सभागार में पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिव्यांगजन और मातृशक्ति पर पुष्प वर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया। वहीं, महिलाओं ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के लिए मुख्यमंत्री को बड़ी माला पहनाकर आभार जताया। इस दौरान डॉ. यादव ने दिव्यांगजन को ट्राई साइकिल एवं स्वेटर तथा महिलाओं को स्वेटर वितरित किए और दिव्यांगजन के साथ आत्मीयतापूर्वक सेल्फी भी ली।

दिव्यांगता की श्रेणियां 7 से बढ़ाकर 21 करना ऐतिहासिक कदम

दिव्यांगजन का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शारीरिक सीमाएं हो सकती हैं, लेकिन प्रतिभा की कोई सीमा नहीं होती। उन्होंने ऋषि अष्टावक्र, महाकवि सूरदास, जगद्गुरु रामभद्राचार्य, वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग और संगीतकार रवीन्द्र जैन का उदाहरण देते हुए जीवन में सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा दिव्यांगता की श्रेणियों को 7 से बढ़ाकर 21 करना एक ऐतिहासिक निर्णय है। इसके अंतर्गत पेंशन, शिक्षा, विवाह सहायता, खेलकूद और सिविल सेवाओं में प्रोत्साहन जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। साथ ही लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी और कन्या विवाह जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग को सशक्त किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, दिव्यांगजन और महिलाएं मौजूद रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here