गर्मी में बिजली व्यवस्था चैपट, मौसम विभाग का पूर्वानुमान 20 जून तक आएगा मानसून

0
5

सीहोर / मानसून दस्तक से पहले मौसम हर पल बदल रहा है। शनिवार शाम को जिले में कई जगह तेज हवा आंधी चलने के साथ हुई बारिश से पेड़ और गुड़भेला, बिलकिसगंज के अलावा अन्य क्षेत्र में बिजली के खंभे जमीन पर आ गए थे। इससे रात के समय करीब 8 से ज्यादा गांवों और सीहोर शहर में पांच घंटे के आसपास बिजली गुल रही। बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार को फिर मौसम साफ होते भीषण गर्मी के तेवर तीखे हो गए। दिन के समय गर्मी ने तपाया तो उमस ने लोगों के सिर से पसीना छुड़ा दिया।
एक दिन पहले बारिश होने के बावजूद तापमान में ज्यादा कोई कमी नहीं आई है। रविवार को न्यूनतम तापमान 24.5 और अधिकतम 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। पश्चिम तरफ से 24 से 25 किमी प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चली। इसके बावजूद लोगों को गर्मी, उमस से निजात नहीं मिली। अभी पांच दिन इसी तरह से गर्मी का लोगों को सामना करना पड़ेगा, उसके बाद जरूर राहत के आसार हैं।
21.8 मिमी हुई बारिशरू भू अभिलेख शाखा के अनुसार सीहोर जिले में 1148.4 मिलीमीटर औसत बारिश मानी जाती है। बीते 24 घंटे में रविवार सुबह 8 बजे तक 11 मिमी बारिश हुई है, जिसे मिलाकर एक जून से अब तक औसत बारिश का आंकड़ा 21.8 मिमी हो गया है। पिछले साल इस अविध तक 24.1 मिमी बारिश हो चुकी थीं। बात तहसील की करे तो इस बार अभी तक इछावर तहसील में सबसे अधिक 53 और रेहटी में सबसे कम 4.8 मिमी बारिश हुई है।
बोवनी के इंतजार में किसान
जिले में चार लाख हेक्टेयर में खरीफ की बोवनी होना है। किसानों ने खाद डाल और ट्रैक्टर से खेत बखरकर बीज की व्यवस्था कर ली है, लेकिन तेज बारिश नहीं होने से उनके चेहरे पर मायूसी है। उनका मानना है कि बोवनी का समय शुरू हो गया है। यदि समय पर नहीं हुई तो आगे जाकर बोवनी के बाद पौधा ज्यादा ग्रोथ नहीं कर पाएगा। इधर कृषि वैज्ञानिकों ने 100 मिलीमीटर बारिश होने पर ही बोवनी करने की किसानों को सलाह दी है।
कैसा रहेगा आगे मौसम
सीहोर आरएके कृषि कॉलेज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सत्येंद्रसिंह तोमर ने बताया कि अभी जैसा मौसम है वैसा 19 जून तक रहेगा। 20 जून के आसपास मानसून के दस्तक देने के बाद जरूर झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा। मानसून आने की घड़ी अब नजदीक आ गई है।
जिले में किस तहसील में कितनी हुई बारिश
तहसील आज जून में

सीहोर 7.2 28.6
श्यामपुर 3.1 7.8
आष्टा 1.0 17.0
जावर 28.0 29.0
इछावर 21.0 53.0
भैरुंदा 22.0 26.0
बुदनी 1.0 8.0
रेहटी 4.8 4.8
(बारिश भू अभिलेख शाखा के अनुसार मिलीमीटर में है।)
अभी कुछ दिन और मौसम इसी तरह से रहेगा। 20 जून तक मानसून के आते ही जरूर तेज बारिश का दौर शुरू होगा। रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रेकार्ड हुआ है।
डॉ. एसएस तोमर, मौसम वैज्ञानिक आरएके कृषि कॉलेज सीहोर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here