विदिशा. रक्षाबंधन का पर्व बदलते समय के साथ विविध रंगों में रंग गया है। बहन-भाई के स्नेह का पर्व अब हर तरह के रिश्तों को प्यार के बंधन में जोड़ने का त्योहार बन गया है। पत्रिका की ओर से रक्षक वंदन अभियान के आह्वान पर भी लोगों ने राखी बांध कर शुभ मुहूर्त में जहां बहनों ने भाइयों को राखी बांधी, वहीं, सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने जनसुरक्षा व जनसेवा से जुड़े लोगों को रक्षासूत्र बांध कर उनका मान-सम्मान बढ़ाया। साथ ही उनकी दीर्घायु की कामना करते हुए उनसे रक्षा का वचन लिया। कलेक्टर अंशुल गुप्ता को वृद्धाश्रम की वृद्ध महिलाओं ने राखी बांधी तो कलेक्टर ने उन्हें उपहार भेंट किए। शिव साधना गोसेवा समिति के गौरव व शुभम सहित अन्य सदस्यों ने बिलासपुर एक्सप्रेस के लोको पायलट को राखी बांध कर मान-सम्मान करते हुए रक्षा का वचन लिया। वहीं शिक्षक राजेंद्र राय ने बहन नीतू व नेहा को राखी बांधने के बाद शमी का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का वचन लिया।