IND VS NZ: भारत के साथ खेले गए पांचवें टी-20 मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर ली है. हालांकि, इस मैच के साथ ही टी-20 सीरीज खत्म हुई, जिसे भारत ने 3-2 से अपने नाम किया
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांचवां टी-20 मैच हैमिल्टन के सेडॉन पार्क में खेला गया. इस मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने आई भारतीय टीम ने 192 रनों का लक्ष्य निर्धारित किया था. जवाब में कीवी टीम ने 18 ओवर में टारगेट को हासिल कर लिया और 7 विकेट से मैच जीत लिया. इस मैच के साथ ही टी-20 सीरीज खत्म हो गई है. भले ही भारत को लगातार आखिरी 2 मैचों में हार मिली है, लेकिन टीम इंडिया ने इस सीरीज को 3-2 से अपने नाम किया है
भारतीय क्रिकेट टीम से मिले 192 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की ओर से कमाल का प्रदर्शन देखने को मिला. पहला विकेट फिन एलेन के रूप में गिरा, जो 2 रन बनाकर आउट हुए. मगर, फिर, टिम सैफर्ट और डेरिल मिचेल ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी बनाई. मिचेल 16 गेंद पर 29 रन बनाकर आउट हुए. लेकिन, फिर इसके बाद फिर सैफर्ट ने ग्लेन फिलिप्स के साथ मिलकर 86 रनों की पार्टनरशिप बनाई.
सैफर्ट शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन नीतीश कुमार रेड्डी ने उन्हें 93 के स्कोर पर आउट किया. सैफर्ट ने 50 गेंदों पर 93 रन की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 11 चौके और 5 छक्के लगाए. वहीं, आखिर में डेरिल मिचेल 38 गेंद पर 65 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाकर नाबाद लौटे. उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए.
भारत ने दिया था 192 रनों का लक्ष्य
हैमिल्टन में खेले गए पांचवें टी-20 मैच में भारतीय क्रिकेट टीम टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने मैदान पर आई. जहां, टीम इंडिया को शुरुआत अच्छी नहीं मिली, लेकिन फिर भी टीम ने 20 ओवर में 192 रनों का लक्ष्य तय किया. भारत की ओर से ईशान किशन और श्रेयस अय्यर के बीच 93 रनों की अहम साझेदारी हुई. ईशान 32 गेंदों पर 61 रन की पारी खेलकर आउट हुए, जिसमें उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के लगाए. तो वहीं, कप्तान अय्यर 23 गेंद पर 50 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटे. उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के जड़े
इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा, नमन धीर ने 23 गेंदों पर 33 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का लगाया. नीतीश कुमार रेड्डी ने 17 गेंद पर 22 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 2 चौके और एक छक्का लगाया. इन चार खिलाड़ियों के अलावा, कोई भारतीय बल्लेबाज डबल डिजिट स्कोर तक नहीं पहुंच सका. इस तरह टीम इंडिया ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 191 रन बोर्ड पर लगाए.
भारत ने 3-2 से जीती टी-20 सीरीज
न्यूजीलैंड दौरे पर खेली गई 5 मैचों की टी-20 सीरीज के आखिरी दो मैचों में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा. मगर, इस सीरीज को टीम इंडिया ने 3-2 से जीतकर अपने नाम किया है.




