सीहोर में वाहन चेकिंग के दौरान हंगामा, पुलिसकर्मी की वर्दी पकड़ने लगा चालक

0
14

सीहोर। जिले में सेकड़ाखेड़ी जोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक लोडिंग वाहन के चालक ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए हंगामा कर दिया। चालक पर शराब के नशे में होने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की वर्दी पकड़ने की कोशिश करने का आरोप है। स्थिति बिगड़ने पर यातायात पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर लोडिंग वाहन जब्त कर लिया।

जानकारी के अनुसार, सूबेदार ब्रजमोहन धाकड़ अपनी टीम के साथ सेकड़ाखेड़ी जोड़ पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक लोडिंग वाहन को रोककर चालक की जांच की। चालक के पास से शराब की गंध आने पर पुलिसकर्मियों ने उसका अल्कोहल टेस्ट कराने का प्रयास किया।

इस पर चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे। आरोप है कि चालक ने एक पुलिसकर्मी की वर्दी पकड़ने की कोशिश की और समझाने के बावजूद अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता रहा। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए चालक को हिरासत में लिया।

पुलिस ने लोडिंग वाहन जब्त कर लिया है। मामले में आबकारी अधिनियम और शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद वाहन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों से अभद्रता का मामला चर्चा में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here