उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच सड़क चौड़ीकरण से जुड़े एक संवेदनशील मामले को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने को लेकर हुए विवाद और उसके बाद हुए उपद्रव के बाद अब प्रशासन ने मस्जिद की मीनार को हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को मीनार पर मचान बांधने का काम शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि जल्द ही मीनार समेत मस्जिद के संबंधित हिस्से को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
मीनार पर मचान बांधने का काम शुरू
मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई के करीब 48 घंटे बाद मंगलवार को मीनार पर मचान बांधने का काम शुरू किया गया। मचान के जरिए मीनार तक पहुंच बनाने और आगे की कार्रवाई के लिए तैयारी की जा रही है। प्रशासन की योजना के मुताबिक, मीनार सहित मस्जिद का वह हिस्सा हटाया जाएगा जो सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहा है।
मीनार को हटाने की प्रक्रिया संवेदनशील होने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इलाके में पुलिस बल तैनात है और आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है। आसपास के प्रमुख मार्गों तथा बाजार क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की गई है। प्रशासन की ओर से कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
250 से ज्यादा दुकानें और घर बंद
मस्जिद के हिस्से को हटाने को लेकर हुए विवाद के 48 घंटे बाद भी क्षेत्र में सामान्य गतिविधियां पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी हैं। स्थानीय जानकारी के अनुसार, इलाके की 250 से अधिक दुकानें और घर बंद हैं। छत्री चौक तथा आसपास के बाजारों में कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं।
पुलिस ने पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर रखी है। इसके चलते आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है और बाजारों में कारोबार भी बंद है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में लोगों की आवाजाही को सीमित रखा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखा जा सके और किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।




