अच्छी बारिश और समृद्धि की कामना: पार्वती नदी का जल लेकर 20 किमी पदयात्रा के बाद चिंतामन गणेश मंदिर में हुआ जलाभिषेक

0
4

सीहोर। जिले में अच्छी बारिश, भरपूर फसल और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर बुधवार को आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। पार्वती नदी से पवित्र जल लेकर एक दर्जन से अधिक गांवों के सैकड़ों श्रद्धालु करीब 20 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए ऐतिहासिक चिंतामन गणेश मंदिर पहुंचे। यहां भगवान गणेश का पार्वती नदी के जल से विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक कर क्षेत्र में अच्छी वर्षा, किसानों की खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की गई।

श्रद्धालुओं का जत्था सुबह ग्राम पार्वती से रवाना हुआ। यात्रा के दौरान पिपल्या नगर (रेलवे स्टेशन पार्वती), बावड़िया मैना, जंगीखेड़ी, खजूरी अलादाद, मूडलाकलां, कराड़ियाभील, बिजौरा, बिजौरी, नयापुरा, बकतल, कौड़िया, छितु लोंदिया सहित कई गांवों के लोग इसमें शामिल होते गए। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का स्वागत भी किया।

जत्थे में शामिल डॉ. पूरण सिंह ने बताया कि यह धार्मिक परंपरा वर्षों से चली आ रही है। ग्रामीण हर वर्ष आषाढ़ माह में पार्वती नदी का जल लेकर भगवान गणेश का अभिषेक करते हैं और अच्छी बारिश, भरपूर पैदावार, जल स्रोतों के भरने तथा पूरे क्षेत्र की खुशहाली की कामना करते हैं।

जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का वातावरण देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि यह परंपरा केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि प्रकृति, जल संरक्षण और कृषि समृद्धि से जुड़ी सामूहिक भावना का भी प्रतीक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here