इंदौर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से बोले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कृषि और पशुपालन पर बनाएं रील्स

0
2

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में कृषि, पशुपालन और डेयरी उद्योग को बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से आह्वान किया कि वे सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और कृषि नवाचारों पर रील्स व डिजिटल कंटेंट तैयार करें, ताकि अधिक से अधिक किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंच सके।

मुख्यमंत्री बुधवार को इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर कृषि उपज मंडी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के अंतर्गत सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवा, किसान, महिला और गरीब वर्ग के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पशुधन बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने किसानों को फसल चक्र अपनाने और कम वर्षा की स्थिति में कम अवधि वाली फसलों की बुवाई करने की सलाह भी दी।

नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि “नशा, नाश की जड़ है” और प्रदेश में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे का व्यापार करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के उज्जैन, ओंकारेश्वर, ओरछा सहित 19 धार्मिक शहरों में शराबबंदी लागू की गई है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

उर्वरक वितरण और गौसंवर्धन पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल वितरण प्रणाली लागू की गई है, जिससे कालाबाजारी पर नियंत्रण पाया जा रहा है। उन्होंने हिरण्यगर्भा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे उन्नत नस्ल के पशुधन और दुग्ध उत्पादन में बढ़ोतरी होगी, साथ ही लावारिस गौवंश की समस्या का समाधान भी होगा।

इन्फ्लुएंसर्स ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए युवा किसान और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने अपने अनुभव साझा किए। सीहोर के किसान टीकम सांखला ने बताया कि उनके पास 70 पशुधन हैं और वे अनाज, दलहन तथा सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं। वहीं सीहोर की एक महिला इन्फ्लुएंसर ने कृषि आधारित वीडियो के जरिए किसानों तक जानकारी पहुंचाने की बात कही।

शाजापुर, राजगढ़ और अन्य जिलों से आए प्रतिभागियों ने भी खेती, फूड प्रोसेसिंग और आधुनिक कृषि तकनीकों पर अपने सुझाव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इन्फ्लुएंसर्स से मालवी और निमाड़ी बोली में भी संवाद किया।

कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here