drnewsindia.com
ग्वालियर। एक मामूली कमेंट से शुरू हुआ विवाद मंगलवार देर रात इतना बढ़ गया कि गोलियां चल गईं। ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में चचेरे भाइयों और पड़ोसी के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोली करीब 100 मीटर दूर घर के बाहर बैठी 28 वर्षीय रेनू भदौरिया के सिर में जा लगी। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पिकनिक में हुआ था मजाक, घर पर फिर छिड़ी बहस
पुलिस के मुताबिक संतोष, अमन और सतीश अपने पड़ोसी अभिषेक माहौर के साथ पनिहार की कन्हैर झील पर पिकनिक मनाने गए थे। वहां खाना खाने के बाद अभिषेक की तबीयत खराब हो गई। इसी दौरान खाने को लेकर चचेरे भाइयों ने कमेंट कर दिया। उस समय दोस्तों ने मामला शांत करा दिया।
घर लौटने के बाद यही बात फिर विवाद का कारण बन गई। दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ा और फायरिंग शुरू हो गई।
घर के दरवाजे पर बैठी थीं रेनू, अचानक लगी गोली
रेनू मंगलवार रात अपने घर के मुख्य दरवाजे पर बैठी थीं। आसपास कुछ महिलाएं भी मौजूद थीं। इसी दौरान करीब 100 मीटर दूर चल रहे विवाद में गोली चली और रेनू के सिर में जा लगी। अचानक हुई घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
315 बोर की गोली, CCTV से खुलेगा राज
पुलिस को जांच के दौरान 315 बोर की गोली से संबंधित साक्ष्य मिले हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग में किस हथियार का इस्तेमाल हुआ। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालेगी।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।





