एमपी में मानसून फिर एक्टिव: 30 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश, रायसेन में सड़क धंसी, सीहोर में 13 दिन बाद बरसे मेघ

0
7
श्यामपुर में सबसे ज्यादा बारिश

drnewsindia.com/भोपाल

मध्य प्रदेश में करीब दो से तीन सप्ताह की सुस्ती के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे में भोपाल, सीहोर, रायसेन, राजगढ़, जबलपुर, ग्वालियर, विदिशा, नर्मदापुरम, शाजापुर समेत 30 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक राजगढ़ में 4.1 इंच और रायसेन में 2.5 इंच वर्षा रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।

रायसेन में सड़क धंसी, सागर-भोपाल हाईवे पर लगा लंबा जाम

रायसेन जिले में रातभर हुई तेज बारिश से सागर-भोपाल हाईवे पर लड़ईया नाला पुलिया के पास सड़क का भराव बह गया, जिससे सड़क धंस गई। मंगलवार सुबह से हाईवे पर बसों, ट्रकों, एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने निर्माण में लापरवाही और मिट्टी से भराव किए जाने का आरोप लगाया है। प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल करने में जुटी रही।

मंडला में उफनते नाले में बहे दो युवक

मंडला जिले के नैनपुर में बारिश के कारण उफनाए नाले की पुलिया पार करते समय बाइक सवार दो युवक बह गए। ग्रामीणों ने एक युवक को रस्सी की मदद से बचा लिया, जबकि दूसरा युवक बाइक समेत बह गया। बाद में वह घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सुरक्षित मिल गया।

टीकमगढ़ और मंदसौर में भी बारिश का असर

टीकमगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क पर जलभराव से नाराज ग्रामीणों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। वहीं मंदसौर जिले में सोमवार शाम से शुरू हुई बारिश मंगलवार को भी जारी रही। कम बारिश के चलते नगर पालिका ने कई क्षेत्रों में अब दो दिन छोड़कर पेयजल आपूर्ति करने का फैसला लिया है।

बालाघाट में अब भी सामान्य से कम बारिश

प्रदेश में मानसून सक्रिय होने के बावजूद बालाघाट जिले में अब तक सामान्य से करीब 9 इंच कम बारिश दर्ज हुई है। इस वर्ष 21 जुलाई तक जिले में लगभग 16 इंच वर्षा हुई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक करीब 25 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी।

सीहोर में 13 दिन बाद झमाझम बारिश, किसानों को मिली राहत

सीहोर जिले में 13 दिनों के इंतजार के बाद सोमवार देर रात से शुरू हुई बारिश ने किसानों के चेहरे खिला दिए। रात करीब 1 बजे से शुरू हुआ बारिश का दौर कई घंटों तक जारी रहा, जिससे खेतों में फिर से नमी लौट आई और सोयाबीन सहित खरीफ फसलों को बड़ी राहत मिली।

श्यामपुर में सबसे ज्यादा बारिश

भू-अभिलेख विभाग के अनुसार 21 जुलाई को जिले में औसतन 0.45 इंच बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक श्यामपुर में 1.42 इंच, बुधनी में 1.02 इंच और रेहटी में 0.76 इंच वर्षा हुई। सीहोर शहर में 0.28 इंच और भैरूंदा में 0.12 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।

सीजन में 14.75 इंच वर्षा

1 जून से अब तक जिले में औसतन 14.75 इंच बारिश दर्ज की गई है। आष्टा में 19.76 इंच, जावर में 17.87 इंच, भैरूंदा में 15.43 इंच, रेहटी में 15.36 इंच, इछावर में 14.88 इंच और सीहोर शहर में 13.02 इंच वर्षा हो चुकी है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक जिले में 17.71 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई थी।

अगले 3-4 दिन भारी बारिश के आसार

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बने नए मौसमी सिस्टम तथा सक्रिय मानसून ट्रफ के कारण प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। अगले 3 से 4 दिनों तक भोपाल, सीहोर, रायसेन, राजगढ़, नर्मदापुरम, सागर, विंध्य और महाकोशल क्षेत्र के कई जिलों में

मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। किसानों को इससे खरीफ फसलों को लाभ मिलेगा, वहीं नदी-नालों, तालाबों और जलाशयों का जलस्तर भी बढ़ने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here