drnewsindia.com / गुना। जिले की चांचौड़ा तहसील के ग्राम तेलीगांव से धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के एक युवक ने बैंक दलाल के साथ मिलकर किसान सम्मान निधि दिलाने का झांसा दिया और बुजुर्ग भाई-बहन के नाम पर फर्जी तरीके से 4.85 लाख रुपए का किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन स्वीकृत कराकर राशि हड़प ली।
पीड़ित गंगाराम अहिरवार और उनकी बहन भमरी बाई निवासी तेलीगांव ने शनिवार को पुलिस को शिकायत आवेदन देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाकर निकाली लोन राशि
पीड़ितों ने शिकायत में बताया कि उनकी जमीन के दस्तावेजों के आधार पर आरआरबी बैंक (क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक) शाखा बीनागंज से दो बार में किसान क्रेडिट कार्ड लोन स्वीकृत कराया गया।
पहली बार करीब 1.32 लाख रुपए और दूसरी बार करीब 3.53 लाख रुपए का लोन पास कराया गया। आरोप है कि गांव के ही दशरथ सिंह अहिरवार ने किसान सम्मान निधि के दो-दो हजार रुपए दिलाने का लालच देकर उनसे बैंक के कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे लगवा लिए।
इसके बाद लोन की पूरी राशि निकालकर खुद इस्तेमाल कर ली गई।

बैंक पहुंचने पर हुआ फर्जी लोन का खुलासा
पीड़ित परिवार को इस पूरे मामले की जानकारी तब हुई, जब वे बैंक पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि उनके नाम से लाखों रुपए का किसान क्रेडिट कार्ड लोन चल रहा है। यह जानकारी मिलते ही उनके होश उड़ गए।
मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाते और पीड़ितों को कुछ समझाते हुए दिखाई दे रहा है।
पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग
पीड़ित परिवार ने बताया कि वे इससे पहले कलेक्टर कार्यालय में भी शिकायत कर चुके हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
साथ ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उनके नाम पर किए गए फर्जी लोन से मुक्ति दिलाने की मांग की गई है। पुलिस अब शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।




