drnewsindia.com
खंडवा। शहर के इमलीपुरा क्षेत्र में संचालित हो रही अवैध घी फैक्ट्री के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। अवैध कारोबार के मुख्य आरोपी अनवर कुरैशी को शुक्रवार को पशु परीक्षण एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ रासुका (NSA) लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खौफनाक खुलासा: आइसक्रीम और ढाबों में खपाया जा रहा था चर्बी वाला घी
मोघट रोड थाना पुलिस की पूछताछ में बेहद चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। मवेशियों की चर्बी से तैयार यह घी न केवल होटलों और ढाबों पर सप्लाई हो रहा था, बल्कि इसका उपयोग आसक्रीम फैक्ट्रियों और कपड़ा मिलों में भी किया जा रहा था।
- फिनिशिंग में इस्तेमाल: आरोपी के अनुसार, यह तेल बुरहानपुर के कपड़ा उद्योगों में धागे की फिनिशिंग के लिए भेजा जाता था।
- बड़ी तादाद में गोवंश की हत्या: मौके से मिले 1380 किलो चर्बी के आधार पर अनुमान है कि करीब 138 जानवरों को काटा गया है।
सरकारी नमक से गलाया जा रहा था चमड़ा
छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में सरकारी राशन दुकान का नमक बरामद हुआ है। पशु चिकित्सक डॉ. नवीन तिवारी के अनुसार, इस सरकारी नमक का उपयोग चमड़ा गलाकर चर्बी निकालने के लिए किया जाता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को भी जांच में शामिल किया गया है।
मजिस्ट्रेट को रिश्वत देने की कोशिश, वकील भाइयों ने किया हंगामा
कार्रवाई के दौरान आरोपी के तीन भाई, जो पेशे से वकील हैं, उन्होंने जमकर हंगामा किया। सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर के अनुसार:
- वकीलों ने फर्जी दस्तावेज दिखाकर कार्रवाई रोकने का दबाव बनाया।
- अधिकारियों को “फीस” (रिश्वत) लेकर मामला रफा-दफा करने का प्रलोभन देने की कोशिश भी की गई।
- पुलिस और प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें मौके से हटाया।
नगर निगम की भूमिका पर सवाल: पहले सिर्फ फिनायल डालकर लौट जाते थे कर्मचारी
जांच में यह भी सामने आया कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस को इस अवैध धंधे की भनक पहले से थी। जब भी शिकायत होती, नगर निगम की टीम आती और इसे वैध बताकर फिनायल छिड़ककर खानापूर्ति कर लौट जाती थी। गौरतलब है कि 2017 में भी इसी मकान से 3 डंपर खालें मिली थीं, लेकिन एक साल बाद धंधा फिर शुरू हो गया।
भारी मात्रा में सामान जब्त, लैब रिपोर्ट का इंतजार
प्रशासन ने मौके से 3,350 लीटर चर्बी युक्त घी (69 टीन और 9 ड्रम), 4 ट्रक खाल और 3 ट्रक अवशेष जब्त किए हैं। विधायक कंचन तनवे ने भी इस मामले में गोवंश हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल घी के सैंपल लैब भेजे गए हैं, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




