drnewsindia.com
गुना। भारतीय जनता पार्टी की कार्यपद्धति और वैचारिक मजबूती को जमीनी स्तर तक ले जाने के लिए गुना के एक निजी होटल में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का भव्य शुभारंभ हुआ। शुक्रवार और शनिवार को आयोजित होने वाले इस शिविर के पहले दिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। शनिवार को इस प्रशिक्षण वर्ग के एक सत्र में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।
‘निगम-मंडलों में नियुक्तियों पर अब थोड़ा आराम दीजिए’
मीडिया से चर्चा के दौरान जब प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से बाकी बचे निगम-मंडलों और प्राधिकरणों में नियुक्तियों को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “10-15 वर्ष बाद बहुत से प्राधिकरण तो अभी गठित किए हैं, अब थोड़ा आराम दीजिए, थोड़ा विश्राम दीजिए, फिर बाद में करेंगे।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

देश भर में 75 लाख कार्यकर्ताओं को ट्रेंड करने का लक्ष्य
प्रशिक्षण वर्ग के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की अपनी एक अनूठी कार्यपद्धति है और यह प्रशिक्षण हमारी एक सतत प्रक्रिया है। उन्होंने आगे कहा:
- कार्यकर्ता निर्माण: हमारा मुख्य उद्देश्य नए कार्यकर्ताओं का निर्माण करना और उन्हें पार्टी के विषयों से अवगत कराना है।
- वैचारिक समझ: कार्यकर्ताओं को यह अच्छी तरह पता होना चाहिए कि हम किन राजनीतिक उद्देश्यों और विचारधाराओं के लिए काम कर रहे हैं।
- बड़ा लक्ष्य: इस देशव्यापी अभियान के तहत पूरे देश में लगभग 75 लाख कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य है। अभी इस वर्ग का दूसरा चरण चल रहा है, जिसके बाद आगामी चरणों की शुरुआत होगी।

गुब्बारे छोड़कर और प्रदर्शनी का उद्घाटन कर हुआ आगाज
शुक्रवार सुबह से ही जिले भर के अपेक्षित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे थे। शिविर की शुरुआत में सभी का व्यवस्थित रजिस्ट्रेशन किया गया, जिसके बाद उन्हें बैच और किट बैग सौंपे गए।
- प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही स्थानीय नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
- इसके बाद उन्होंने आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर शिविर की शुरुआत की।
- सत्र की औपचारिक शुरुआत से पहले उन्होंने वहां लगाई गई एक विशेष वैचारिक प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया और उसका बारीकी से अवलोकन भी किया।
दिग्गजों सहित 168 अपेक्षित कार्यकर्ता शामिल
इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में जिले भर से कुल 168 प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। इसमें भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी, वर्तमान व पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगरीय निकायों के अध्यक्ष सहित क्षेत्र के सभी वरिष्ठ जन और चुनिंदा कार्यकर्ता वैचारिक और सांगठनिक गुर सीखने के लिए शामिल हुए हैं।





