
drnewsindia.com
सीहोर (रेहटी)। आस्था के केंद्र सलकनपुर माता मंदिर परिसर में गुरुवार रात एक भावुक कर देने वाला वाकया सामने आया। थाना रेहटी क्षेत्र के अंतर्गत सलकनपुर पहाड़ी के नीचे चल रहे एक भंडारे में आई 2 साल की मासूम बच्ची अचानक भीड़ में अपने माता-पिता से बिछड़ गई। घबराई बच्ची को देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डायल-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मासूम को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
भोपाल कंट्रोल रूम को मिली थी सूचना, तुरंत दौड़ी FRV
यह घटना गुरुवार (21 मई 2026) की रात की है। राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को रात्रि 07:23 बजे सूचना मिली कि सलकनपुर में भंडारे के दौरान एक छोटी बच्ची लावारिस हालत में मिली है और वह अपने परिवार से अलग हो गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कंट्रोल रूम ने तुरंत रेहटी थाने में तैनात डायल-112 (FRV) वाहन को मौके के लिए रवाना किया।
जवानों ने संभाला मोर्चा, आसपास के इलाके में की पूछताछ
कंट्रोल रूम से मैसेज मिलते ही डायल-112 के स्टाफ आरक्षक (नंबर 696) प्रशांत चतुर्वेदी और पायलट मुकेश कुमार बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले रोती हुई बच्ची को अपने संरक्षण में लिया और उसे चुप कराया। इसके बाद:
- जवानों ने बच्ची को अपने वाहन में बैठाया और भंडारा स्थल व आसपास के रास्तों पर अनाउंसमेंट और पूछताछ शुरू की।
- लगातार की गई कोशिशों और स्थानीय लोगों की मदद से कुछ ही देर में बच्ची के परेशान और रोते-बिलखते परिजनों का सुराग मिल गया।
सलकनपुर चौकी में हुआ मिलन
परिजनों की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने उन्हें तत्काल सलकनपुर पुलिस चौकी पर बुलाया। वहाँ बच्ची ने जैसे ही अपने माता-पिता को देखा, वह उनकी तरफ दौड़ पड़ी। पुलिस अधिकारियों द्वारा सही पहचान और पूरी तरह सत्यापन करने के बाद मासूम को सुरक्षित उसके माता-पिता की गोद में सौंप दिया गया। अपनी लाडली को सही-सलामत वापस पाकर परिजनों की आंखों में आंसू आ गए और उन्होंने सीहोर पुलिस व डायल-112 की टीम का सहदिल से आभार व्यक्त किया।



