drmewsindia.com/पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। थाने परिसर में चाबी लगी खड़ी सरकारी कार को एक नशे में धुत व्यक्ति लेकर फरार हो गया। आरोपी ने तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हुए बाजार में कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
नशे में धुत युवक थाने से पुलिस की बोलेरो लेकर फरार हुआ
साप्ताहिक हाट में कई लोगों और वाहनों को मारी टक्कर
एक बाइक करीब 200 मीटर तक बोलेरो के साथ घसीटता ले गया
हादसे में पांच लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
जानकारी के अनुसार, आरोपी थाने से बाहर निकलने के बाद परिसर में खड़ी सरकारी कार तक पहुंचा। वाहन में चाबी लगी होने का फायदा उठाते हुए वह कार लेकर फरार हो गया। इसके बाद वह रैपुरा के साप्ताहिक हाट बाजार की ओर पहुंचा, जहां भीड़भाड़ के बीच लापरवाही से वाहन चलाते हुए कई दोपहिया और अन्य वाहनों को टक्कर मार दी।
कटनी तिराहे के पास आरोपी ने एक बाइक सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बाइक कार में फंस गई, लेकिन आरोपी नहीं रुका और बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। समय रहते लोग सड़क से हट गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सरकारी कार को तेज रफ्तार में दौड़ते और बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बनाते देखा जा सकता है।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सरकारी वाहन में चाबी कैसे लगी रह गई और सुरक्षा व्यवस्था में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




