दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: कार में आग लगने से श्योपुर के एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत

0
3

drnewsindia.com

अलवर/श्योपुर: राजस्थान के अलवर जिले में बुधवार देर रात एक हृदय विदारक दुर्घटना घटी। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर लक्ष्मणगढ़ के पास एक अर्टिगा कार में अचानक आग लगने से मध्य प्रदेश के श्योपुर निवासी एक ही परिवार के पांच लोग जिंदा जल गए। हादसा पिलर नंबर 115/300 के पास हुआ।

मन्नत पूरी कर लौट रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्योपुर के चैनपुरा गांव का यह परिवार जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहा था। परिवार की बुजुर्ग सदस्य पार्वती देवी की बीमारी ठीक होने की मन्नत पूरी करने के लिए सभी वहां गए थे। कार दिल्ली से कोटा की ओर जा रही थी, तभी अचानक इंजन से आग की लपटें उठने लगीं।

कुछ ही सेकंड में आग का गोला बनी कार

आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। चश्मदीदों के अनुसार, देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। हादसे में मरने वालों की पहचान इस प्रकार है:

  • पार्वती देवी (55 वर्ष)
  • संतोष (35 वर्ष)
  • शशि (30 वर्ष) – संतोष की पत्नी
  • साक्षी (9 वर्ष) – संतोष की बेटी
  • विनोद कुमार मेहरा (कार मालिक व चालक)

जान बचाने के लिए कूदा चालक, लेकिन नहीं बच सकी जान

हादसे के वक्त कार मालिक विनोद कुमार मेहरा खिड़की से बाहर कूद गए थे, लेकिन वे तब तक 80% झुलस चुके थे। उन्हें गंभीर हालत में पहले पिनान स्वास्थ्य केंद्र और फिर जयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। कार में फंसे अन्य चार लोगों की स्थिति इतनी भयावह थी कि आग बुझने के बाद केवल उनके अवशेष ही मिले।

CNG के कारण भड़की आग!

अलवर एएसपी प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि घटना की सूचना रात करीब 11:15 बजे मिली। फायर ब्रिगेड ने 15 मिनट में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि कार में लगी सीएनजी किट के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।

क्षेत्र में शोक की लहर

हादसे की खबर मिलते ही श्योपुर के चैनपुरा गांव में मातम छा गया है। तहसीलदार मनीषा मिश्रा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। परिजनों के अनुसार, शवों को लेने के लिए सदस्य अलवर रवाना हो चुके हैं। उम्मीद है कि शुक्रवार सुबह तक शव गृहग्राम पहुंचेंगे।


ऐसी ही ताजातरीन खबरों और अपडेट्स के लिए हमारी वेबसाइट से जुड़े रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here