जेसीबी से फूल बरसाने और बड़ी मालाओं की परंपरा बंद करने की बात, योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की
भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव बिप्लब कुमार देब ने अपने पहले संगठनात्मक दौरे के दौरान पार्टी पदाधिकारियों को संगठन में अनुशासन, संवाद और सादगी पर जोर देने का संदेश दिया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और मोर्चा अध्यक्षों की संयुक्त बैठक में उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों और सरकार की योजनाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
देब ने कहा कि संगठन में यदि कहीं मतभेद हैं तो उन्हें आपसी संवाद के माध्यम से दूर किया जाना चाहिए। जो कार्यकर्ता या पदाधिकारी संगठन की बात नहीं मानता है, उसकी जानकारी प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाने को कहा गया। उन्होंने नेताओं के स्वागत में जेसीबी से फूल बरसाने और बड़ी मालाएं पहनाने जैसी परंपराओं को बंद करने की बात कही। उनका जोर सादगी के साथ जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने पर रहा।
प्रचार में योजनाओं और काम को प्राथमिकता
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि पार्टी के होर्डिंग और प्रचार सामग्री में नेताओं के बड़े फोटो लगाने के बजाय केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा उनके कामों को प्रमुखता दी जानी चाहिए। उन्होंने पदाधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक वास्तविक रूप से पहुंच रहा है या नहीं।
देब ने संगठन में दायित्व मिलने और हटने को सामान्य प्रक्रिया बताते हुए बदलाव के बाद कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शालीनता, अनुशासन और संवाद संगठन की कार्यसंस्कृति का हिस्सा हैं।
सामूहिक निर्णय और समन्वय पर जोर
बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में देब ने भाजपा में सामूहिक निर्णय की परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संगठन में अनुभव, जिम्मेदारी और समर्पण को महत्व दिया जाता है। पिछले दो दिनों में हुई बैठकों में संगठन को मजबूत करने तथा सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को लेकर चर्चा हुई है।
वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर कांग्रेस के पूर्व शासनकाल और आदिवासी क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए। उन्होंने विकास, शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कांग्रेस के कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखने की बात कही।
बैठक में जिला स्तर पर कोर कमेटी की नियमित बैठकों, सुझावों को संभाग स्तर तक पहुंचाने और बूथ स्तर तक संवाद मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। बैठक को प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने भी संबोधित किया।




