भाजपा की 66 हारी सीटों पर बूथ स्तर से होगी समीक्षा, संगठन में बयानबाजी पर भी नजर

0
3

कोर ग्रुप बैठक में आगामी निकाय-पंचायत चुनावों की तैयारी पर मंथन, पदाधिकारियों के चयन में बूथ कार्यकर्ताओं से संपर्क को महत्व

भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा ने आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। भोपाल में हुई भाजपा की कोर ग्रुप बैठक में पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी के हाथ से निकली 66 सीटों के साथ कम अंतर से जीती गई सीटों की भी समीक्षा पर चर्चा हुई। बैठक में संगठन की जमीनी स्थिति, सरकार और संगठन के बीच समन्वय तथा कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।

प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब की मौजूदगी में हुई बैठक में इन विधानसभा क्षेत्रों में बूथ, मंडल और विधानसभा स्तर पर संगठन की सक्रियता का आकलन करने पर जोर दिया गया। पार्टी की ओर से क्षेत्रवार स्थिति के आधार पर आगे की संगठनात्मक गतिविधियां तय करने की बात कही गई है। कम अंतर से जीती गई सीटों को भी समीक्षा के दायरे में रखने पर चर्चा हुई।

पदाधिकारियों के चयन में बूथ संपर्क पर जोर

बैठक में संगठन में जिम्मेदारियां तय करने की प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों के चयन में उनके राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव के साथ बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधे संपर्क को महत्व देने की बात सामने आई। नेतृत्व की ओर से जमीनी कार्यकर्ताओं से नियमित संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया।

प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब और सह प्रभारी रेखा वर्मा ने अपने भोपाल प्रवास के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद भी किया। संगठनात्मक स्तर पर इसे बूथ तक की प्रतिक्रिया नेतृत्व तक पहुंचाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

सार्वजनिक बयानों को लेकर भी चर्चा

बैठक में वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों के सार्वजनिक बयानों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व की ओर से संगठनात्मक अनुशासन और राजनीतिक शिष्टाचार बनाए रखने पर जोर दिए जाने की जानकारी सामने आई है। सार्वजनिक मंचों पर बयान देते समय संयम बरतने की अपेक्षा जताई गई।

2027 के चुनावों की तैयारी पर फोकस

कोर ग्रुप बैठक में आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियों के साथ सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के जरिए जमीनी स्तर पर गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अनुसार, बैठक में सरकार के जनकल्याण और विकास कार्यों की जानकारी तथा आने वाले समय में जनता के बीच उठाए जाने वाले मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।

कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर संवाद

संगठन में कार्यकर्ताओं की शिकायतों और स्थानीय स्तर की समस्याओं पर भी नेतृत्व का ध्यान रहा। जिला और संभाग स्तर के पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद रखने तथा उनके सुझावों और समस्याओं को संगठन के उच्च स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बैठक में संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, सह प्रभारी रेखा वर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक करीब तीन घंटे चली, जिसमें संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here