भोपाल में चेकिंग के बीच पुलिस के सामने चोरी हुई स्कूटी! पीड़ित का दावा- पुलिस ने ही चोर को थमा दी चाबी

0
4

भोपाल। राजधानी भोपाल में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रैफिक चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने बिना हेलमेट चलाने पर स्कूटी रोककर उसकी चाबी अपने कब्जे में ली, तो वही चाबी एक अज्ञात युवक को दे दी गई। युवक कुछ ही मिनटों में पुलिस की मौजूदगी में स्कूटी लेकर फरार हो गया। अब पीड़ित अपनी गाड़ी की तलाश में दर-दर भटक रहा है।

बैरसिया तहसील के ललरिया निवासी नदीम आलम ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत देकर बताया कि 13 जुलाई की रात उनके बहनोई मोहम्मद सगीर स्कूटी से इब्राहिमपुरा जा रहे थे। सेंट्रल लाइब्रेरी चौराहे पर पुलिस ने बिना हेलमेट होने पर उन्हें रोककर 300 रुपये का चालान बनाया और कथित तौर पर स्कूटी की चाबी अपने पास रख ली। चालान की राशि तत्काल नहीं होने पर उन्होंने नदीम को मौके पर बुलाया।

नदीम का आरोप है कि इसी दौरान एक अज्ञात युवक स्कूटी लेकर फरार हो गया। उनका दावा है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने बाद में कहा, “अब तो तुम्हारी गाड़ी गई।” पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है और फुटेज की जांच से सच्चाई सामने आ सकती है।

चार थानों के चक्कर, फिर भी नहीं दर्ज हुई शिकायत

पीड़ित का आरोप है कि स्कूटी चोरी की शिकायत दर्ज कराने के लिए वह मंगलवारा, तलैया, हनुमानगंज और गौतम नगर थानों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन हर थाने ने अधिकार क्षेत्र का हवाला देकर शिकायत लेने से इनकार कर दिया।

पुलिस ने आरोपों से किया इनकार

मामले में हनुमानगंज थाने के आरक्षक दिनेश डेहरिया ने आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी को स्कूटी की चाबी नहीं दी। उनके अनुसार चाबी पहले से ही वाहन में लगी हुई थी, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात युवक स्कूटी लेकर फरार हो गया।

अब इस पूरे मामले में सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि स्कूटी चोरी के पीछे लापरवाही थी या फिर पीड़ित के आरोप सही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here