drnewsindia.com भोपाल
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा ख्याति जैन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब गहराता जा रहा है। घटना के 24 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा प्राथमिकी (FIR) दर्ज न किए जाने से नाराज मृतका की मां वर्षा जैन ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मां ने इस मामले को भोपाल की मशहूर एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत से जोड़ते हुए हत्या की आशंका जताई है।
इंस्टाग्राम का आखिरी मैसेज: आत्महत्या या सोची-समझी साजिश?
मौत से ठीक पहले ख्याति के इंस्टाग्राम अकाउंट से उसके बॉयफ्रेंड तनीष उर्फ तनु को एक लंबा मैसेज भेजा गया था। इस मैसेज में पारिवारिक कलह, मानसिक प्रताड़ना और मां द्वारा लगाए गए आरोपों का जिक्र है। मैसेज के अंत में लिखा था— “तनु, मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं। मां, मैं आपसे भी बहुत प्यार करती हूं, लेकिन ऐसा करना पड़ रहा है। मां, आखिरकार आपने मेरी जान ले ही ली।”
मां का दावा— “बेटी की नहीं थी यह भाषा” मृतका की मां वर्षा जैन ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि मैसेज में जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है, वह ख्याति की सामान्य टेक्स्ट लैंग्वेज (लिखने का तरीका) नहीं थी। मां का दावा है कि ख्याति के इंस्टाग्राम अकाउंट का एक्सेस उसके बॉयफ्रेंड तनीष के पास भी था। उन्होंने आशंका जताई है कि मामले को आत्महत्या का रूप देने और जांच भटकाने के लिए यह मैसेज तनीष द्वारा ही पोस्ट किया गया हो सकता है।

सीसीटीवी फुटेज और मां के 3 बड़े आरोप
वर्षा जैन ने थाने से लेकर पुलिस कमिश्नर तक को शिकायती आवेदन देकर बॉयफ्रेंड तनीष पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं:
घर में 3 घंटे की मौजूदगी: मां का आरोप है कि घटना वाले दिन वह इंटरव्यू के सिलसिले में सोनकच्छ गई हुई थीं। इस दौरान तनीष करीब तीन घंटे तक ख्याति के घर में मौजूद था। सीसीटीवी फुटेज में भी तनीष को घर में दाखिल होते देखा गया है। वीडियो बनाना और संदिग्ध व्यवहार: तनीष ने घर में प्रवेश करते समय एक वीडियो भी बनाया था, जिसे उसने पुलिस को सौंपा है। मां का सवाल है कि घटना के वक्त सबसे पहले पहुंचने के बाद भी तनीष ख्याति को अस्पताल क्यों नहीं ले गया? उसने पुलिस और मकान मालिक को सूचना देने से पहले वीडियो क्यों बनाया? बयान दर्ज करने में देरी: मां का आरोप है कि पुलिस घटना के समय मौके पर मौजूद मुख्य संदेही तनीष के बयान दर्ज करने और एफआईआर करने के बजाय विसरा रिपोर्ट आने का बहाना बनाकर उन्हें लगातार टाल रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे
शव के पोस्टमॉर्टम से कुछ ऐसी कड़ियां सामने आई हैं जो मामले को और अधिक संदिग्ध बनाती हैं:
- 24 घंटे से भूखी थी छात्रा: रिपोर्ट के अनुसार, मौत से पहले करीब 24 घंटे तक ख्याति ने कुछ भी नहीं खाया था।
- कलाई पर चोट के निशान: ख्याति की बाईं कलाई पर कट के दो निशान पाए गए हैं।
- शव की स्थिति: पोस्टमॉर्टम के समय डॉक्टरों ने अनुमान लगाया कि शव करीब 24 घंटे पुराना था।

औबेदुल्लागंज से भोपाल तक का सफर
मूल रूप से औबेदुल्लागंज की रहने वाली ख्याति दो साल पहले ही अपनी मां (जो पेशे से शिक्षिका हैं) के साथ भोपाल की वर्धमान ग्रीन पार्क कॉलोनी में रहने आई थी। तनीष चंद्रवंशी ख्याति का पुराना क्लासमेट था और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। ख्याति के भोपाल आने के बाद तनीष भी यहीं आकर पढ़ाई करने लगा था। मृतका की मां इस रिश्ते के खिलाफ थीं, और इसी बात को लेकर तनीष से विवाद की बात सामने आ रही है।
पुलिस का रुख: फिलहाल सुसाइड मानकर जांच जारी
अशोका गार्डन थाना पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले को सुसाइड (आत्महत्या) मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है। हालांकि, मृतका की मां द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में जब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।




