रायसेन में भीषण सड़क हादसा: दो बसों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, 3 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 15 घायल

0
8

drnewsindia.com / रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे भोपाल-सागर रूट पर दो यात्री बसों की आमने-सामने सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसा खरबई थाना चौकी के अंतर्गत आने वाले सेहतगंज टोल प्लाजा के पास हुआ। शुरुआत में 5 लोगों की मौत की अफवाह उड़ी थी, लेकिन प्रशासनिक तौर पर फिलहाल 3 मौतों की ही पुष्टि की गई है।

शवों की हालत देख कांप उठी रूह

चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर इतनी भयानक थी कि खिड़की (विंडो सीट) की तरफ बैठे यात्रियों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। एक मृतक का सिर फटकर दो हिस्सों में बंट गया। शवों की स्थिति इतनी क्षत-विक्षत हो चुकी है कि उनकी शिनाख्त करने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले तीन में से दो मृतकों की पहचान हो चुकी है:

  1. नीतीश व्यास (उम्र 28 वर्ष) – पिता एस.एन. व्यास, निवासी: पंडा टेकापार, सुल्तानगंज।
  2. माखन लोधी (उम्र 29 वर्ष) – पिता रामबाबू लोधी, निवासी: पचीपुरा, बेगमगंज। तीसरे शव की पहचान के प्रयास अभी जारी हैं।

मौके पर पहुंचा भारी पुलिस बल, 10 एंबुलेंस तैनात

घटना की सूचना मिलते ही रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और एसपी आशुतोष गुप्ता तुरंत प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए घटनास्थल पर 10 एंबुलेंस बुलाई गईं।

एसपी आशुतोष गुप्ता ने बताया:

“दोनों बसें भोपाल-सागर रूट पर संचालित होती हैं। मृतकों में भोपाल से सागर की ओर जा रही बस के यात्री शामिल हैं। वहीं दूसरी बस में सवार लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर के बाद एक बस पुलिया से टकराकर रुकी।”

ओवरस्पीड और अंधा मोड़ बना काल

प्रत्यक्षदर्शी हेमराज लोधी के अनुसार, हादसा ड्राइवरों की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ। शक्ति ट्रेवल्स और कल्पना ट्रेवल्स की दोनों बसें अत्यधिक गति में थीं। सेहतगंज टोल के पास तीखे मोड़ पर रफ्तार तेज होने के कारण दोनों ड्राइवर बसों पर से नियंत्रण खो बैठे और गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में शक्ति ट्रेवल्स की बस को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है।

“अचानक लगा झटका और सीट से नीचे गिर पड़े यात्री”

बस में सवार सिलवानी जा रही यात्री ममता रैकवार ने आपबीती बताते हुए कहा:

“हम सुबह 10:10 बजे भोपाल के ISBT से बस में बैठे थे। बस में करीब 30-35 लोग सवार थे। जैसे ही बस टोल प्लाजा से आगे निकली, अचानक एक जोरदार झटका लगा। सभी यात्री अपनी सीटों से नीचे गिर गए और चीख-पुकार मच गई। ड्राइवर ने बस को नियंत्रित करने की कोशिश की थी, लेकिन वह खुद भी घायल हो गया।”

एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के मुताबिक, केसली और जयसिंह नगर की ओर से आ रही इन दोनों बसों की टक्कर में खिड़की के पास बैठे लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है।

मध्य प्रदेश की तमाम ताजातरीन और विश्वसनीय खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे डिजिटल न्यूज पोर्टल drnewsindia.com के साथ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here